मोतिहारी, 12 नवंबर 2026 : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने मोतिहारी में डाक विभाग के एक बड़े अधिकारी को गिरफ्तार किया है। चंपारण के डाक अधीक्षक एसएस सुमन को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए उनके कार्यालय से पकड़ा गया। आरोप है कि उन्होंने विभागीय कर्मचारी का ट्रांसफर के बाद रिलीविंग आदेश जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि डाक अधीक्षक ने कर्मचारी से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम उन्हें पूछताछ के लिए पटना लेकर चली गई है। हालांकि, रिश्वत की रकम और बरामदगी को लेकर पुष्टि का इंतजार है।
कर्मचारी की शिकायत पर CBI ने बिछाया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, डाक विभाग में कार्यरत राहुल झा ने डाक अधीक्षक एसएस सुमन के खिलाफ सीबीआई से शिकायत की थी। राहुल झा की पोस्टिंग मलाही क्षेत्र में थी। उनका तबादला दरभंगा कर दिया गया था। आरोप है कि तबादले के बाद उन्हें वर्तमान पदस्थापन से रिलीव करने के बदले डाक अधीक्षक की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच की और कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद बुधवार को टीम ने मोतिहारी स्थित डाक अधीक्षक के कार्यालय में छापेमारी कर दी।
50 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप
बताया जा रहा है कि डाक अधीक्षक एसएस सुमन ने कर्मचारी से 50 हजार रुपये की मांग की थी। सीबीआई की टीम ने कथित तौर पर इसी रकम को लेते हुए उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। हालांकि, कार्रवाई के बाद रिश्वत की रकम और बरामदगी से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
CBI अधिकारी ने जानकारी देने से किया इनकार
पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सीबीआई अधिकारी गौरव कुमार मिश्रा कर रहे थे। इस मामले को लेकर जब उनसे जानकारी लेने की कोशिश की गई तो उन्होंने फिलहाल कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अभी इस मामले में कोई भी जानकारी साझा नहीं की जा सकती है। ऐसे में गिरफ्तारी से जुड़े कई तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
पूछताछ के लिए पटना ले गई CBI की टीम
कार्यालय में कार्रवाई पूरी करने के बाद सीबीआई की टीम डाक अधीक्षक एसएस सुमन को अपने साथ पटना ले गई। वहां उनसे पूछताछ किए जाने की बात कही जा रही है। सीबीआई की जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि रिश्वत मांगने के मामले में अन्य कोई व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही शिकायत से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।
पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं एसएस सुमन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार डाक अधीक्षक एसएस सुमन मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले के सेमरा स्टेशन स्थित लाल टोला के रहने वाले हैं। मोतिहारी के चांदमारी इलाके में उनका मकान है। उनकी नियुक्ति चंपारण प्रमंडल में डाक अधीक्षक के पद पर हाल ही में हुई थी। सीबीआई की कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल मामले में सीबीआई की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही रिश्वत मांगने, रकम की बरामदगी और मामले में अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।






