पटना: बिहार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय डॉ. ब्रज बिहारी प्रसाद की 28वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को पटना के नेहरू पथ स्थित स्मृति संग्रहालय में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में बिहार सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा के दौरान डॉ. ब्रज बिहारी प्रसाद के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद किया गया।

डॉ. ब्रज बिहारी प्रसाद बिहार की राजनीति का एक चर्चित चेहरा रहे हैं। वे जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की राजनीति में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिहार सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने संगठन और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनकी पहचान एक प्रभावशाली पिछड़े वर्ग के नेता के रूप में भी रही।

कार्यक्रम में उनकी पत्नी और पूर्व सांसद रमा देवी भी मौजूद रहीं। रमा देवी बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़ी रही हैं और शिवहर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहने के कारण उनकी पहचान बिहार की प्रमुख महिला नेताओं में होती है।

श्रद्धांजलि सभा में उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हर वर्ष की तरह इस बार भी उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।