पटना। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बिहार को दो राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। विश्व पर्यावास दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से राज्य को इन पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने इसे बिहार के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि ये सम्मान राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के सफल क्रियान्वयन, आवास निर्माण की तेज गति और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के प्रयासों का प्रमाण हैं।

दो अलग-अलग श्रेणियों में मिला सम्मान

बिहार को PMAY-U 2.0 के तहत दो श्रेणियों में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।

पहला पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य श्रेणी में दिया गया। इसमें स्वीकृत आवासों की तुलना में सर्वाधिक आवासों की ग्राउंडिंग सुनिश्चित करने के लिए बिहार को सम्मानित किया गया।

वहीं, दूसरा पुरस्कार बड़े राज्यों की श्रेणी में विशेष मान्यता के रूप में मिला है। निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले सर्वाधिक प्रतिशत आवास स्वीकृत करने के मामले में बेहतर प्रदर्शन के लिए बिहार को यह सम्मान दिया गया।

गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने पर जोर

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबके लिए आवास' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य पात्र परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार केवल विभागीय उपलब्धि नहीं हैं, बल्कि शहरी क्षेत्रों में आवास निर्माण की गति और गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव लाने के प्रयासों को भी दर्शाते हैं।

विभागीय अधिकारियों को दी बधाई

नीतीश मिश्रा ने इस उपलब्धि के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि योजना को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने में विभागीय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कार्यक्रम में बिहार की ओर से विभाग के सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, विशेष सचिव-सह-मिशन निदेशक शाहिद परवेज़ और परियोजना पदाधिकारी-सह-अपर निदेशक उमाकांत पांडे ने पुरस्कार प्राप्त किए।