नई दिल्ली, 17 नवंबर 2026 : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने माता-पिता के रिश्ते पर दिए अपने बयान को लेकर हो रही ट्रोलिंग के बीच मंगलवार को भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर शेयर कर दी। इस तस्वीर में माता पार्वती भगवान शिव की गोद में बैठी नजर आ रही हैं। राहुल गांधी ने इसके साथ भाजपा और RSS समर्थकों पर निशाना साधते हुए कहा कि डर, क्रोध और नफरत ने उनके दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम महसूस करने और व्यक्त करने से रोकता है। यह पूरा विवाद सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की आधिकारिक लॉन्चिंग के दौरान शुरू हुआ था। इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते से जुड़ा बचपन का एक किस्सा सुनाया था। इसके बाद भाजपा नेताओं ने उनके बयान की जमकर आलोचना की। भाजपा नेताओं ने

राहुल गांधी ने शिव-पार्वती की तस्वीर के साथ क्या लिखा ?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और RSS समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।' इस पोस्ट को उनके पहले दिए गए बयान पर हुई आलोचना के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, राहुल ने अपनी पोस्ट में किसी नेता का नाम लेकर जवाब नहीं दिया।

सोनिया गांधी की किताब लॉन्चिंग में क्या बोले थे राहुल ?

16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव' की आधिकारिक लॉन्चिंग हुई थी। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ी बचपन की याद साझा की थी। उन्होंने बताया था कि जब भी घर में खाना खाने का समय होता था, उनके पिता राजीव गांधी मौजूद रहते थे और उनकी मां सोनिया गांधी उनकी गोद में बैठी होती थीं। राहुल गांधी ने कहा कि बचपन में उन्हें यह सामान्य लगता था। मगर जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे और वहां ऐसा नहीं देखते थे, तो उनसे पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं।

हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल पर साधा निशाना

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी की शिव-पार्वती वाली पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं है। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने टिप्पणी की कि जब कोई व्यक्ति ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय खुद को ईश्वर की तरह पेश करने लगता है, तो उसका पतन शुरू हो जाता है। उन्होंने राहुल गांधी की पोस्ट को अहंकार से जोड़कर खूब आलोचना की है। इससे एक दिन पहले भी हिमंत बिस्वा सरमा ने सोनिया गांधी की किताब लॉन्चिंग के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर टिप्पणी की थी।

किरेन रिजिजू ने भी दी नसीहत

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें परिवार के बड़ों का सम्मान करने की सलाह दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक मंच पर निजी पारिवारिक बातें साझा करते समय मर्यादा का ध्यान जरूर रखना चाहिए।

सोशल मीडिया पर बंटे यूजर्स

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान और उसके बाद शिव-पार्वती की तस्वीर साझा करने को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ यूजर्स ने सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च जैसे सार्वजनिक कार्यक्रम में निजी पारिवारिक प्रसंग साझा करने पर सवाल उठाए हैं। वहीं, राहुल गांधी के समर्थकों का कहना है कि उन्होंने अपने माता-पिता के बीच प्यार और अपनापन दर्शाने वाली बचपन की याद साझा की थी। शिव-पार्वती की तस्वीर पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। इस तरह पारिवारिक किस्से से शुरू हुआ यह एक विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी का विषय बन गया है।

किताब के लॉन्च पर भावुक हुई थीं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की आधिकारिक लॉन्चिंग 16 नवंबर को दिल्ली में हुई थी। कार्यक्रम के दौरान अपने जीवन पर बनी एक लघु फिल्म देखने के बाद सोनिया गांधी काफी भावुक हो गई थीं। उन्होंने कहा था कि राजीव गांधी के निधन के बाद वह टूट गई थीं। उस कठिन समय में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उन्हें संभाला और उनके लिए माता-पिता की तरह खड़े रहे। इस कार्यक्रम में राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मुख्य रूप से मौजूद थे।