पटना/बेगूसराय, 20 अगस्त 2026 : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU की टीम ने पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। EOU के अनुसार अजय कुमार सिंह के खिलाफ तीन करोड़ 34 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस
आर्थिक अपराध इकाई थाना में दर्ज मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। छापेमारी के दौरान EOU की टीम दस्तावेजों, संपत्तियों और अन्य महत्वपूर्ण सामान की जांच कर रही है।
इन तीन ठिकानों पर EOU की रेड
EOU की कार्रवाई पटना के चंद्रतारा भवन, बीबी कॉवेज, आकाशवाणी रोड, खाजपुरा स्थित आवास और बिहार ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन बोर्ड कार्यालय, मीठापुर में चल रही है। इसके अलावा बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोरा गांव स्थित पैतृक आवास पर भी टीम पहुंची है। टीम बेसमेंट और पार्किंग समेत अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ले रही है। अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान मिलने वाले दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




