नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के ‘कचौड़ी-समोसा’ वाले बयान को लेकर अब भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने हाल ही में बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था- “एक कचौड़ी, दो समोसा, बीजेपी पर नहीं भरोसा।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई थी।

अब बीजेपी उत्तराखंड ने सोशल मीडिया के जरिए अखिलेश यादव के इस नारे का जवाब दिया है। बीजेपी उत्तराखंड ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ “दो इडली, एक डोसा, नरेंद्र मोदी देश का भरोसा” लिखा।

अखिलेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया था नारा

अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नई पीढ़ी के बीच लोकप्रिय विरोध-प्रदर्शन वाले नारों की तर्ज पर बीजेपी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, “एक कचौड़ी, दो समोसा, बीजेपी पर नहीं भरोसा।”

अखिलेश का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक इसकी चर्चा हुई। अब बीजेपी ने भी उसी अंदाज में जवाब देकर सियासी तकरार को और दिलचस्प बना दिया है।

BJP उत्तराखंड ने क्या लिखा?

बीजेपी उत्तराखंड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “दो इडली, एक डोसा-स्वाद भी खास, मोदी जी पर भरोसा भी खास!”

इस पोस्ट के जरिए बीजेपी ने अखिलेश यादव के खाने से जुड़े नारे की तर्ज पर अपना जवाब दिया। बीजेपी के इस पलटवार के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

सोशल मीडिया पर छिड़ी सियासी नोकझोंक

अखिलेश यादव और बीजेपी के बीच यह जुबानी जंग अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। एक तरफ सपा प्रमुख का ‘कचौड़ी-समोसा’ वाला नारा चर्चा में है, तो दूसरी ओर बीजेपी का ‘इडली-डोसा’ वाला जवाब भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

फिलहाल, दोनों दलों के बीच यह सियासी तंज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।