मुंबई | 21 जुलाई 2026
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने हालिया ब्लॉग पोस्ट के जरिए अस्पताल में भर्ती होने, सर्जरी और आईसीयू में बिताए समय को लेकर भावुक अनुभव साझा किया है। उनके इस खुलासे के बाद फैंस की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें किस वजह से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा या उनकी सर्जरी किस बीमारी के लिए हुई।
'घर लौटने के बाद का समय सबसे कठिन होता है'
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा कि अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की देखरेख में रहना एक अलग अनुभव होता है, लेकिन असली चुनौती अस्पताल से घर लौटने के बाद शुरू होती है। उन्होंने कहा कि रिकवरी का यह दौर शारीरिक, मानसिक और व्यवहारिक रूप से बेहद कठिन होता है।
'मुश्किल समय में हिम्मत बनाए रखना जरूरी'
बिग बी ने लिखा कि जिंदगी में एक समय ऐसा भी आता है जब मजबूत इंसान भी खुद को कमजोर महसूस करता है। उन्होंने कहा कि जो लोग कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारते और लगातार आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, वही असली विजेता होते हैं। उन्होंने अपने प्रशंसकों से स्वस्थ रहने और सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील भी की।
क्रिप्टिक पोस्ट ने बढ़ाई चर्चा
ब्लॉग पोस्ट के बाद अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी एक रहस्यमयी पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, "खेल खत्म हो गया है, लेकिन काम अभी भी जारी है।" इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल में आएंगे नजर
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल की शूटिंग में व्यस्त हैं। फैंस उनकी जल्द स्वस्थ होने और बड़े पर्दे पर वापसी का इंतजार कर रहे हैं।




