मुंबई | 25 जुलाई 2026
साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म 'आदिपुरुष' एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह फिल्म नहीं, बल्कि इसके डायलॉग राइटर मनोज मुंतशिर का बयान है। फिल्म रिलीज होने के तीन साल बाद उन्होंने स्वीकार किया है कि 'आदिपुरुष' उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी। इतना ही नहीं, उन्होंने पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है।
एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में मनोज मुंतशिर ने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि फिल्म की आलोचना जरूरत से ज्यादा हो रही है, लेकिन कुछ दिनों बाद उन्हें समझ आया कि लोगों की धार्मिक भावनाएं वास्तव में आहत हुई हैं।
'फिल्म का बचाव करना उससे भी बड़ी भूल थी'
मनोज मुंतशिर ने कहा कि फिल्म लिखने की गलती से भी बड़ी गलती उसका बचाव करना था। उन्होंने कहा कि आज पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें महसूस होता है कि लोगों की भावनाओं को वे सही तरह से समझ नहीं पाए।
उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसके लिए उन्हें गहरा दुख है और वे पूरे देश से माफी मांगते हैं। उनके मुताबिक, उस समय उन्हें अपनी गलती का एहसास देर से हुआ।
पत्नी ने पहले ही दी थी चेतावनी
मनोज ने बातचीत में बताया कि फिल्म रिलीज होने से कई महीने पहले ही सोशल मीडिया पर इसके डायलॉग और प्रस्तुति को लेकर सवाल उठने लगे थे। उसी दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें सलाह दी थी कि फिल्म का सार्वजनिक बचाव न करें।
उन्होंने स्वीकार किया कि अगर उस समय उन्होंने पत्नी की सलाह मान ली होती, तो शायद विवाद इतना नहीं बढ़ता और उन्हें इतनी आलोचना का सामना नहीं करना पड़ता।
अपने डायलॉग्स पर भी जताया अफसोस
फिल्म रिलीज के बाद सबसे ज्यादा विवाद इसके संवादों को लेकर हुआ था। कई संवादों को दर्शकों ने रामायण जैसे पवित्र ग्रंथ की गरिमा के खिलाफ बताया था।
अब मनोज मुंतशिर ने स्वीकार किया है कि आज जब वे उन डायलॉग्स को याद करते हैं तो उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है। उन्होंने कहा कि वे भगवान राम और भगवान हनुमान जैसे महान पात्रों के साथ वैसा न्याय नहीं कर सके, जैसा करना चाहिए था।
600 करोड़ की फिल्म बनी थी विवादों का केंद्र
16 जून 2023 को रिलीज हुई 'आदिपुरुष' में प्रभास, कृति सेनन, सैफ अली खान, सनी सिंह और देवदत्त नागे मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। करीब 600 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल थी।
हालांकि रिलीज के बाद फिल्म को वीएफएक्स, किरदारों की प्रस्तुति और संवादों को लेकर भारी आलोचना का सामना करना पड़ा। विवाद बढ़ने के बाद फिल्म के कुछ डायलॉग बदले भी गए। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म लगभग 393 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर सकी, लेकिन भारी बजट के कारण इसे व्यावसायिक रूप से असफल माना गया।
फिर चर्चा में 'आदिपुरुष'
मनोज मुंतशिर के इस बयान के बाद तीन साल पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग उनके माफी मांगने के फैसले की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि यह स्वीकारोक्ति काफी देर से आई है।




