सरकारी स्कूलों में निकली शिक्षकों की भर्ती, इंटर पास अभ्यर्थी भी कर सकते हैं आवेदन

पश्चिम चंपारण के 11 सरकारी विद्यालयों में होगी 22 अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति, 16 जुलाई तक करें आवेदन

बेतिया (पश्चिम चंपारण) | 13 जुलाई 2026

सरकारी स्कूलों में पढ़ाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड़ प्रखंड के 11 सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से 22 अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। यह बहाली विवेकानंद रूरल एजुकेशन फाउंडेशन और ज्ञानशाला-सीमैया की संयुक्त वी-रेफिग्स (V-REFIGS) परियोजना के तहत की जा रही है। प्रत्येक विद्यालय में दो-दो अतिरिक्त शिक्षक नियुक्त होंगे, जो नियमित कक्षाओं के अलावा स्कूल खुलने से पहले और छुट्टी के बाद विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहायता प्रदान करेंगे।

16 जुलाई तक आवेदन, 19 जुलाई को होगी परीक्षा

प्रखंड विकास पदाधिकारी दीपक राम ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 12 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार शामिल होगा। लिखित परीक्षा 19 जुलाई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र और समय की जानकारी अभ्यर्थियों को व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।

इंटर पास भी कर सकते हैं आवेदन

इस भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं पास) निर्धारित की गई है। हालांकि स्नातक, डीएलएड और बीएड योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। महिला उम्मीदवारों को भी चयन प्रक्रिया में वरीयता दी जाएगी। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा संबंधित विद्यालय से तीन किलोमीटर की परिधि में निवास करना अनिवार्य होगा।

6 से 8 हजार रुपये तक मिलेगा मानदेय

चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार 6,000 से 8,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। कार्यभार संभालने से पहले सभी चयनित शिक्षकों को 10 दिनों का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे बच्चों को बेहतर शिक्षण सहायता प्रदान कर सकें।

कमजोर वर्ग के बच्चों को मिलेगा लाभ

इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराना है। चयनित शिक्षक 11 सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने, कमजोर छात्रों को अतिरिक्त मार्गदर्शन देने और शिक्षा के स्तर को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।