पटना | 08 जुलाई 2026

बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में स्पष्ट कहा गया कि 25 जुलाई 2026 तक शिक्षक भर्ती से संबंधित अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को हर हाल में भेज दी जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समय पर शुरू की जा सके।

25 जुलाई तक BPSC को भेजी जाएगी अधियाचना

बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षक भर्ती से जुड़ी सभी औपचारिकताएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। विभाग का लक्ष्य है कि अधियाचना समय पर भेजकर TRE-4 परीक्षा की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाए।

30 कार्यदिवस में शिकायतों के निपटारे का निर्देश

शिक्षा मंत्री ने विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनता से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का अधिकतम 30 कार्यदिवस के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभाग में टीम वर्क की संस्कृति को मजबूत करने और जवाबदेही बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया।

मॉडल स्कूलों की प्रगति की भी हुई समीक्षा

बैठक में राज्य के सभी प्रखंडों में स्थापित किए जा रहे मॉडल स्कूलों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक चार लाख से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन इन विद्यालयों में किया जा चुका है। शिक्षा मंत्री ने अन्य राज्यों के मॉडल स्कूलों की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर बिहार में बेहतर मॉडल लागू करने के लिए अगले सोमवार को विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

BEO और DEO गांव में करेंगे अभिभावकों से संवाद

विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए मंत्री ने सभी बीईओ (ब्लॉक शिक्षा पदाधिकारी) और डीईओ (जिला शिक्षा पदाधिकारी) को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक माह कम से कम एक दिन गांव में रहकर अभिभावकों से सीधे संवाद करें। इससे विद्यालयों की वास्तविक स्थिति और समस्याओं की जानकारी मिल सकेगी तथा उनका समाधान तेज़ी से किया जा सकेगा।

ई-शिक्षा कोष और APAR ID पर भी सख्ती

बैठक में ई-शिक्षा कोष की व्यवस्था को मजबूत बनाने, सरकारी निधियों के दुरुपयोग की जांच कराने तथा केंद्र सरकार से प्राप्त राशि का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। वहीं APAR ID निर्माण का लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले सरकारी और निजी विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी वित्तीय सहायता रोकने के निर्देश भी दिए गए।

समग्र कोचिंग नीति और शिक्षा समिति पर भी चर्चा

शिक्षा मंत्री ने कोटा, सीकर और देश के अन्य प्रमुख शिक्षा केंद्रों की कोचिंग व्यवस्था का अध्ययन कर बिहार के लिए नई समग्र कोचिंग नीति तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राज्य स्वास्थ्य समिति की तर्ज पर राज्य शिक्षा समिति के गठन के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।

शिक्षा विभाग की इस समीक्षा बैठक को शिक्षक भर्ती, विद्यालयी शिक्षा और प्रशासनिक सुधारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब लाखों अभ्यर्थियों की नजर 25 जुलाई तक BPSC को अधियाचना भेजे जाने और TRE-4 भर्ती प्रक्रिया की अगली घोषणा पर टिकी हुई है।