पटना | 14 जुलाई 2026

राजधानी पटना में मंगलवार को बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही देरी से नाराज छात्रों ने आयोग कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया और सरकार तथा आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए कार्यालय परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

तीन वर्षों से लंबित भर्ती प्रक्रिया पर नाराजगी

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग पिछले तीन वर्षों से केवल आवेदन प्रक्रिया पूरी कर रहा है, लेकिन बिहार इंटर स्तरीय (10+2), BSSC CGL-4 और BSO समेत कई महत्वपूर्ण भर्तियों की परीक्षाएं अब तक आयोजित नहीं कराई गई हैं। उनका कहना है कि लगातार हो रही देरी से लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है।

परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग

अभ्यर्थियों ने सरकार से सभी लंबित परीक्षाओं का जल्द परीक्षा कैलेंडर जारी करने, समयबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने और संविदा कर्मियों को नियुक्ति में वेटेज देने की मांग की। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में देरी के कारण उनकी उम्र सीमा और वर्षों की मेहनत दोनों प्रभावित हो रही हैं।

छात्र नेता ने सरकार से किया हस्तक्षेप का आग्रह

छात्र नेता सौरव कुमार ने कहा कि आयोग लगातार वैकेंसी जारी कर आवेदन तो ले रहा है, लेकिन परीक्षाएं आयोजित नहीं कर रहा। उन्होंने राज्य सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर लंबित भर्तियों को जल्द पूरा कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।