बक्सर/पटना | 2 जुलाई 2026
शिक्षा विभाग ने जारी किया आधिकारिक स्पष्टीकरण
बिहार के बक्सर जिले में त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं बारिश के पानी में तैरते मिलने की सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित खबरों को जिला शिक्षा विभाग ने पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा सामग्री पूरी तरह सुरक्षित रही और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।
क्या था मामला?
जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं की त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं 27 जून 2026 तक बक्सर जिला शिक्षा कार्यालय को प्राप्त हो गई थीं।
इसी दौरान 28 जून 2026 को एम.पी. उच्च विद्यालय, बक्सर को सिपाही भर्ती परीक्षा का केंद्र बनाए जाने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परीक्षा सामग्री को राजकीय बुनियादी विद्यालय, बक्सर में सुरक्षित रखा गया था।
बारिश के दौरान वायरल हुआ वीडियो
30 जून 2026 को जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि परीक्षा सामग्री लेने पहुंचे थे। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं के सीलबंद पैकेट विद्यालयवार अलग-अलग कर वाहनों में लोड किए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई।
विभाग का कहना है कि इसी स्थिति के कुछ फोटो और वीडियो को असामाजिक तत्वों ने गलत संदर्भ में वायरल कर दिया और यह अफवाह फैला दी कि प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं बारिश के पानी में बह रही हैं।
शिक्षा विभाग ने क्या कहा?
जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बारिश के बावजूद सभी सीलबंद पैकेट पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें बिना किसी क्षति के संबंधित विद्यालयों तक पहुंचा दिया गया। परीक्षा सामग्री के वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई और परीक्षा निर्धारित समय पर सुचारु रूप से आयोजित की गई।
भ्रामक खबरों से बचने की अपील
विभाग ने कहा है कि सोशल मीडिया, न्यूज़ पोर्टलों और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित दावे तथ्यात्मक रूप से गलत और निराधार हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।




