सिवान | 17 जुलाई 2026
बिहार के सिवान जिले की रहने वाली श्रेया कौशिक ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। श्रेया का चयन अमेरिका की प्रतिष्ठित लिंकन स्कॉलरशिप के लिए हुआ है, जिसके तहत उन्हें करीब 3 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। इस वर्ष दुनिया भर से चुने गए 10 छात्रों में वह शामिल हैं और इस सम्मान को पाने वाली इकलौती भारतीय छात्रा बनी हैं। इस स्कॉलरशिप के जरिए श्रेया अमेरिका के प्रसिद्ध सेंटर कॉलेज से बैचलर डिग्री की पढ़ाई करेंगी।
1,000 से ज्यादा आवेदकों के बीच बनाई जगह
लिंकन स्कॉलरशिप के लिए दुनिया भर से 1,000 से अधिक छात्रों ने आवेदन किया था। कठिन चयन प्रक्रिया के बाद केवल 10 छात्रों का चयन किया गया, जिसमें श्रेया ने अपनी जगह बनाई। सेंटर कॉलेज के अधिकारियों ने आधिकारिक पत्र जारी कर उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
स्कॉलरशिप में मिलेगा पूरा शैक्षणिक खर्च
करीब 3 करोड़ रुपये की इस स्कॉलरशिप के तहत चार वर्ष की ट्यूशन फीस, अमेरिका में रहने और भोजन का खर्च, किताबें, शैक्षणिक सामग्री, हेल्थ इंश्योरेंस, भारत-अमेरिका यात्रा और अन्य आवश्यक खर्च शामिल हैं। इससे श्रेया बिना आर्थिक चिंता के अपनी उच्च शिक्षा पूरी कर सकेंगी।
सरकारी स्कूल से हासिल की वैश्विक सफलता
श्रेया मूल रूप से बिहार के सिवान की रहने वाली हैं, जबकि उनकी स्कूली शिक्षा नई दिल्ली के आया नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय से हुई। आगे की तैयारी में उन्हें 'डेक्सटेरिटी ग्लोबल' संस्था का मार्गदर्शन मिला। संस्था के संस्थापक और सीईओ शरद विवेक सागर ने भी श्रेया की सफलता पर खुशी जताई और इसे देश के लाखों छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताया। श्रेया की उपलब्धि यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत इरादों से वैश्विक मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।




