नई दिल्ली | 21 जुलाई 2026
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हाईवे पर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब स्थानीय वाहन चालक अपने मोबाइल से ही RajmargYatra ऐप के जरिए लोकल टोल पास बना सकेंगे। इसके लिए टोल प्लाजा जाकर दस्तावेज जमा करने की जरूरत नहीं होगी। NHAI ने ऐप में Digital Local Pass और MargMitra AI Help Centre जैसे दो नए फीचर जोड़े हैं।
घर बैठे मिलेगा लोकल टोल पास
नई व्यवस्था के तहत पात्र लोग मासिक अनलिमिटेड यात्रा वाला लोकल पास ऑनलाइन खरीद सकेंगे। यह सुविधा उन लोगों के लिए होगी, जो किसी पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। DigiLocker, VAHAN और GIS आधारित लोकेशन वेरिफिकेशन के जरिए पता, वाहन और FASTag की जानकारी स्वतः सत्यापित की जाएगी। फिलहाल इसकी शुरुआत दिल्ली के मुंडका–बक्करवाला टोल प्लाजा से हुई है, जिसे जल्द अन्य टोल प्लाजा तक विस्तारित किया जाएगा।
MargMitra देगा हर समस्या का समाधान
RajmargYatra ऐप में शुरू किए गए AI आधारित MargMitra हेल्प सेंटर के जरिए उपयोगकर्ता 22 भारतीय भाषाओं में शिकायत दर्ज कर सकेंगे, FASTag रिचार्ज, KYC, रिफंड स्टेटस, लोकल पास और वार्षिक पास की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। सड़क पर खराब वाहन, अतिक्रमण या अन्य सुरक्षा संबंधी समस्याओं की सूचना भी सीधे संबंधित विभाग तक भेजी जा सकेगी।
NHAI के अनुसार, RajmargYatra ऐप के जरिए अब तक 80 लाख से अधिक वार्षिक पास जारी किए जा चुके हैं। नए फीचर्स से यात्रियों को हाईवे सेवाएं पहले से अधिक आसान और डिजिटल तरीके से उपलब्ध होंगी।




