मुजफ्फरपुर | 18 जुलाई 2026

उत्तर बिहार के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुजफ्फरपुर के मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित बियाडा मेगा फूड पार्क को अत्याधुनिक एग्रो प्रोसेसिंग हब बनाने की दिशा में तेजी से काम शुरू हो गया है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) ने कोर प्रोसेसिंग सेंटर में आधुनिक मशीनों की सप्लाई, इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग और टेस्टिंग के लिए टेंडर जारी कर दिया है। परियोजना पूरी होने के बाद किसानों को भंडारण, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग की आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

शाही लीची के लिए बनेगा स्पेशल पैक हाउस

विश्व प्रसिद्ध मुजफ्फरपुर शाही लीची को लंबे समय तक ताजा बनाए रखने के लिए मेगा फूड पार्क में विशेष पैक हाउस तैयार किया जाएगा। यहां प्रतिदिन 6-6 मीट्रिक टन क्षमता के दो प्री-कूलर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 50 मीट्रिक टन क्षमता का आधुनिक कोल्ड स्टोर भी बनाया जाएगा, जिससे लीची की गुणवत्ता लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी और देश-विदेश के बाजारों में इसकी आपूर्ति आसान होगी।

आलू और प्याज के लिए भी आधुनिक भंडारण

परियोजना के तहत 5,000 मीट्रिक टन क्षमता का प्याज कोल्ड स्टोर और 5,000 मीट्रिक टन क्षमता का आलू कोल्ड स्टोर भी विकसित किया जाएगा। इससे किसानों को फसल सुरक्षित रखने, नुकसान कम करने और बेहतर कीमत मिलने में मदद मिलेगी।

केले की वैज्ञानिक तरीके से होगी रिपनिंग

फूड पार्क में केले की गुणवत्ता सुधारने के लिए 20-20 मीट्रिक टन क्षमता वाले कुल 20 आधुनिक बनाना रिपनिंग चैंबर स्थापित किए जाएंगे। इन चैंबरों में वैज्ञानिक तकनीक से केले पकाए जाएंगे, जिससे उनकी गुणवत्ता और बाजार मूल्य दोनों में सुधार होगा।

किसानों और उद्योगों को होगा सीधा लाभ

इस परियोजना का लाभ मुजफ्फरपुर के अलावा वैशाली, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी और आसपास के जिलों के किसानों को मिलेगा। आधुनिक भंडारण, वैल्यू एडिशन और प्रोसेसिंग सुविधाओं से किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, फूड प्रोसेसिंग उद्योगों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिलने से रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।