पटना | 27 जुलाई 2026

BSSC की द्वितीय इंटर स्तरीय भर्ती, CGL-4 और BSO परीक्षा की तिथि घोषित करने तथा संविदा वेटेज हटाने की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने अगस्त में बड़ा आंदोलन करने की घोषणा की है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) को 15 दिनों का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद आयोग ने परीक्षा तिथि घोषित नहीं की।

15 दिन बाद भी नहीं आया परीक्षा कैलेंडर

दिलीप कुमार ने कहा कि आयोग की ओर से पहले आश्वासन दिया गया था कि परीक्षा तिथि घोषित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालांकि, 20 जुलाई तक दी गई समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी अभ्यर्थियों को कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली। उन्होंने कहा कि अब अभ्यर्थियों का धैर्य जवाब दे रहा है।

संविदा वेटेज हटाने की भी उठी मांग

छात्र नेता ने आरोप लगाया कि संविदा वेटेज के मुद्दे पर भी सरकार कोई सकारात्मक निर्णय नहीं ले रही है। उनका कहना है कि जब तक परीक्षा तिथि घोषित नहीं होती और संविदा वेटेज वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

जुलाई में आंदोलन टालने की बताई वजह

दिलीप कुमार ने कहा कि जुलाई में राज्यभर में पेपर लीक और छात्र आंदोलनों को लेकर पहले से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। ऐसे माहौल में अलग आंदोलन शुरू करना उचित नहीं समझा गया। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर पुलिस कार्रवाई और छात्रों की गिरफ्तारी की घटनाओं को देखते हुए फिलहाल इंतजार करने का फैसला लिया गया।

अगस्त में होगा बड़ा आंदोलन

उन्होंने कहा कि अगस्त में परिस्थितियां सामान्य होने के बाद पटना में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों से व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य माध्यमों से लगातार सुझाव लिए जा रहे हैं।

अभ्यर्थियों से एकजुट रहने की अपील

दिलीप कुमार ने सभी BSSC अभ्यर्थियों से एकजुट रहने और परीक्षा की तैयारी जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन की अंतिम तिथि जल्द घोषित की जाएगी और यह आंदोलन परीक्षा तिथि जारी कराने तथा संविदा वेटेज हटाने की मांग को लेकर व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा.