पटना | 1 अगस्त

बिहार के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1 लाख 72 हजार 218 रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार इन पदों को वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा। इसके लिए बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC), बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) और बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) को अधियाचना (Requisition) भेज दी गई है।

BPSC TRE 4.0 के तहत होगी 32,388 शिक्षकों की भर्ती

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहेल ने बताया कि शिक्षा विभाग ने BPSC TRE 4.0 के तहत 32,388 शिक्षकों की भर्ती के लिए आयोग को प्रस्ताव भेज दिया है। भर्ती विभिन्न स्तरों पर होगी।

  • कक्षा 1 से 5 : 3,847 पद
  • कक्षा 6 से 8 : 8,563 पद
  • कक्षा 9 से 10 : 3,877 पद
  • कक्षा 11 से 12 : 16,101 पद

आंगनबाड़ी में भी बड़े पैमाने पर नियुक्ति

सरकार ने समेकित बाल विकास सेवा (ICDS) को मजबूत करने के लिए 22,891 आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका के पदों पर भर्ती को भी मंजूरी दे दी है। इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।

इन विभागों में भी आएंगी बंपर वैकेंसी

शिक्षा और आंगनबाड़ी के अलावा शेष पदों पर विभिन्न विभागों में भर्ती की जाएगी। इनमें बिहार पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, भवन निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और अन्य प्रशासनिक व तकनीकी विभाग शामिल हैं।

संभावित पदों में सब-इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, पंचायत सचिव, राजस्व कर्मचारी, क्लर्क, जूनियर इंजीनियर, डॉक्टर, नर्स और लैब टेक्नीशियन जैसी रिक्तियां शामिल हैं।

जल्द जारी हो सकते हैं भर्ती विज्ञापन

सरकार के अनुसार संबंधित आयोगों को अधियाचना भेजी जा चुकी है। अब BPSC, BSSC और BTSC अपनी प्रक्रिया पूरी कर विभिन्न पदों के लिए चरणबद्ध तरीके से भर्ती विज्ञापन जारी करेंगे। सरकार का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करना है।