पटना | 04 अगस्त 2026

बिहार की राजनीति में बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम केवल एक सीट की हार-जीत नहीं, बल्कि बदलते राजनीतिक समीकरणों का बड़ा संकेत माना जा रहा है। करीब तीन दशक तक बीजेपी के गढ़ रहे बांकीपुर में जन सुराज के प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार को 19,342 वोटों से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस हार के पीछे सबसे बड़ा कारण सवर्ण वोटरों की नाराज़गी रही, जो पिछले कई महीनों से पार्टी के खिलाफ पनप रही थी।

पहले समझिए बोचहां का राजनीतिक संदेश

बांकीपुर से पहले वर्ष 2022 के बोचहां विधानसभा उपचुनाव में भी बीजेपी को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था। उस समय एनडीए उम्मीदवार बेबी कुमारी को राजद के अमर पासवान ने 36 हजार से अधिक वोटों से हराया था। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक उस चुनाव में सवर्ण मतदाताओं की नाराज़गी निर्णायक साबित हुई। बीजेपी पर सवर्ण समाज की अनदेखी के आरोप लगे थे और स्थानीय स्तर पर नेतृत्व को लेकर भी असंतोष देखने को मिला। विपक्ष ने इस असंतोष को राजनीतिक अवसर में बदलते हुए चुनावी बढ़त हासिल की।

बांकीपुर में भी दिखा वही ट्रेंड ?

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 37 प्रतिशत सवर्ण मतदाता बताए जाते हैं। राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार जनवरी 2026 से ही केंद्र सरकार के नए यूजीसी कानून को लेकर इस वर्ग में असंतोष बढ़ने लगा था। सोशल मीडिया से लेकर छात्र संगठनों तक इसका विरोध देखने को मिला। उधर, विश्लेषकों का मानना है कि यही असंतोष धीरे-धीरे चुनावी मुद्दा बन गया। और परिणाम सामने आ गया।

प्रशांत किशोर बने नया राजनीतिक विकल्प

अब तक बीजेपी को भरोसा था कि नाराज़ सवर्ण मतदाता विपक्षी महागठबंधन की ओर नहीं जाएंगे। लेकिन बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के रूप में एक नया विकल्प सामने आया। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि इसी वजह से बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता, जो पहले बीजेपी के पारंपरिक समर्थक माने जाते थे, इस बार जन सुराज की ओर झुक गए। इसका सीधा असर चुनाव परिणाम पर देखने को मिला और प्रशांत किशोर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

क्या 'B फैक्टर' बना बीजेपी के लिए चुनौती?

राजनीतिक गलियारों में अब "B फैक्टर" यानी बोचहां और बांकीपुर की चर्चा तेज है। दोनों उपचुनावों में सवर्ण मतदाताओं की नाराज़गी को बीजेपी की हार का महत्वपूर्ण कारण बताया जा रहा है। हालांकि बीजेपी ने हार के कारणों की समीक्षा शुरू कर दी है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि पार्टी इस संदेश को गंभीरता से नहीं लेती है तो आगामी चुनावों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

क्या कहते हैं राजनीतिक जानकार ?

विशेषज्ञों के अनुसार बांकीपुर का परिणाम केवल स्थानीय चुनाव नहीं, बल्कि मतदाताओं के बदलते राजनीतिक व्यवहार का संकेत भी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी इस हार से क्या सबक लेती है और जन सुराज अपनी इस जीत को भविष्य की राजनीति में कितना आगे ले जा पाती है।