सहरसा | 3 अगस्त 2026

बिहार के सहरसा जिले में सोमवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा टल गया। समस्तीपुर से सहरसा आ रही पैसेंजर MEMU ट्रेन के इंजन में सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इसकी लपटें कई बोगियों तक पहुंच गईं। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्री जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलने लगे। फिर हाहाकार मच गया। हर कोई अपनों को सुरक्षित निकालने को बेताब दिखे।

स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 3:45 बजे प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के इंजन से धुआं उठना शुरू हुआ। कुछ ही मिनटों में इंजन आग की लपटों में घिर गया और आग तेजी से आसपास की बोगियों तक फैल गई। ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

इस बीच घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में रेलवे अधिकारियों को जानकारी दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दमकल की टीम कुछ समय बाद मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

कोई हताहत नहीं, बड़ा हादसा टला

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना अब तक नहीं है। शुक्र है कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

जांच में जुटा रेलवे प्रशासन

घटना के बाद हालांकि कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि आग तकनीकी खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।