सरकार दो पहिया और तीन पहिया वाहनों पर रोड टैक्स (मोटर वाहन कर) बढ़ाने की तैयारी में है।
परिवहन विभाग ने इस संबंध में एक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा है। प्रस्ताव के मुताबिक दो पहिया और तीन पहिया वाहनों पर वर्तमान कर में एक प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। विभाग ने अनुमान लगाया है कि इसके लागू होने से सरकार को प्रतिवर्ष लगभग 400 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।
जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग जल्द ही इस प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजेगा। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद नई कर दरें लागू की जाएंगी। सरकार का मानना है कि बढ़े हुए राजस्व का उपयोग परिवहन सुविधाओं के विस्तार, सड़क अवसंरचना के विकास और अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं में किया जा सकेगा।
वर्तमान में एक लाख रुपये तक की कीमत वाले दोपहिया वाहनों पर आठ प्रतिशत मोटर वाहन कर लगाया जाता है, जबकि एक लाख रुपये से अधिक कीमत वाले दोपहिया वाहनों पर नौ प्रतिशत कर वसूला जाता है। अब तीन पहिया वाहनों पर भी कर वृद्धि का प्रस्ताव लाकर राजस्व बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है।




