मधुबनी: बिहार में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और खेती के लिए ऋण की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना के तहत विशेष पहल की जा रही है। मधुबनी जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले और फार्मर आईडी बनवा चुके पात्र किसानों को केसीसी से जोड़ने के लिए 2 नवंबर तक प्रखंडवार शिविर लगाए जाएंगे।

इन शिविरों के माध्यम से किसानों को आवेदन करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कोई भी पात्र किसान केसीसी के लाभ से वंचित नहीं रहे। आवेदन के साथ फार्मर आईडी और अन्य जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी कराने पर भी जोर दिया जाएगा।

बिहार में KCC खातों की संख्या में गिरावट

केसीसी योजना की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 की तुलना में वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के बाद केसीसी खातों की संख्या में 23.2 प्रतिशत की गिरावट सामने आई। वहीं, बकाया ऋण राशि में 25.9 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।

इस पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक और नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक को बैंकों के साथ नियमित बैठक कर समीक्षा करने और लक्ष्य पूरा करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

हर कर्मी तैयार कराएगा कम से कम 15 आवेदन

विशेष शिविरों के दौरान प्रत्येक कर्मी को कम से कम 15 केसीसी आवेदन तैयार कराने का लक्ष्य दिया गया है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

कृषि, सहकारिता, जीविका, पशुपालन और मत्स्य विभाग के कर्मी बैंक प्रतिनिधियों के साथ मिलकर किसानों के आवेदन तैयार कराएंगे। पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों और फार्मर आईडी से पंजीकृत पात्र किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी।

KCC के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी?

बिहार के मधुबनी जिले में आयोजित होने वाले शिविरों में आवेदन करने के लिए किसानों को ये दस्तावेज साथ रखने होंगे:

  • आधार कार्ड
  • पैन कार्ड
  • पीएम किसान लाभार्थी पहचान से संबंधित विवरण
  • अद्यतन एलपीसी या लगान रसीद

किसानों को सलाह दी गई है कि शिविर में पहुंचने से पहले अपने दस्तावेज तैयार रखें, ताकि आवेदन की प्रक्रिया में परेशानी न हो।

सुबह 11 बजे से लगेंगे विशेष शिविर

मधुबनी जिले के प्रखंड कृषि कार्यालय के सभागार में निर्धारित तिथियों पर सुबह 11 बजे से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। किसान अपने प्रखंड के कृषि कार्यालय से शिविर की तारीख और आवेदन से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस अभियान में कृषि विभाग और बैंकों के बीच समन्वय बनाकर पात्र किसानों के आवेदन तैयार कराने की व्यवस्था की गई है।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों को मिलेगा सम्मान

वित्तीय वर्ष 2026-27 में केसीसी ऋण वितरण के आधार पर बैंकों की रैंकिंग की जाएगी। अच्छा प्रदर्शन करने वाले बैंकों को सम्मानित करने के साथ विभागीय योजनाओं के आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी।

वहीं, असंतोषजनक प्रदर्शन करने वाले बैंकों की रिपोर्ट जिला पदाधिकारी के माध्यम से वित्त विभाग को भेजी जाएगी।