पटना | 1 अगस्त 2026, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में वरिष्ठ नेता राणा रणधीर सिंह चौहान, पूर्व विधायक सुनीता सिंह चौहान, अरुण विजय, नागेंद्र झा समेत कई नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ जेडीयू की सदस्यता ग्रहण की। इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री लेसी सिंह, विधान परिषद सदस्य संजय सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

जेडीयू छोड़ने को बताया अपना दुर्भाग्य

सदस्यता ग्रहण करने के बाद राणा रणधीर सिंह चौहान काफी भावुक दिखाई दिए। इस दाैरान उन्होंने कहा कि जेडीयू छोड़ना उनके जीवन का सबसे दुर्भाग्य था। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें चार बार विधायक बनने का अवसर मिला और उनकी पत्नी को भी विधान परिषद भेजा गया। उन्होंने कहा कि अब वे जीवन का शेष समय जेडीयू और नीतीश कुमार के साथ ही बिताना चाहते हैं तथा आगे पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

संगठन और मजबूत होगा : उमेश कुशवाहा

जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा है कि पुराने और अनुभवी नेताओं की घर वापसी से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी नेता पार्टी की विचारधारा और नीतीश कुमार के नेतृत्व से भली-भांति परिचित हैं। इसलिए इन नेताओं को कोआ दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर बिहार में पार्टी का संगठन काफी मजबूत होगा और आगामी चुनावों में इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को जरूर मिलेगा।

कई नेताओं ने एक साथ थामी सदस्यता

मिलन समारोह में राणा रणधीर सिंह और सुनीता सिंह चौहान के अलावा अरुण विजय और नागेंद्र झा सहित कई नेताओं ने जेडीयू का दामन थामा। बाद में पार्टी नेताओं ने इसे संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

नेताओं ने जताया विश्वास

काबीना मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि राणा रणधीर सिंह की वापसी से उत्तर बिहार में पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी। वहीं, मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जेडीयू लगातार संगठन विस्तार के साथ आगे बढ़ रही है और नए-पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चुनावी तैयारी कर रही है।