पटना | 3 अगस्त 2026

बिहार की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर उपचुनाव का फैसला आज हो जाएगा। पटना के एएन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र में सोमवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी, जिसके बाद सुबह करीब 8:30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू होगी। इसी के साथ शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे और दोपहर तक तस्वीर काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है।

सुरक्षा के बीच शुरू होगी मतगणना

मतगणना केंद्र के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन ने काउंटिंग प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

15 टेबल पर होगी वोटों की गिनती

मतगणना हॉल में कुल 15 टेबल लगाए गए हैं। इनमें 14 टेबल पर मतों की गिनती होगी, जबकि एक टेबल सहायक निर्वाची पदाधिकारी के लिए निर्धारित की गई है। पहले लगभग आधे घंटे तक पोस्टल बैलेट की गणना होगी। इसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू होगी और हर राउंड के साथ रुझान बदलते नजर आ सकते हैं।

422 बूथों के वोटों का होगा फैसला

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कुल 422 मतदान केंद्रों के वोटों की गिनती की जाएगी। निर्वाचन आयोग की तय प्रक्रिया के अनुसार पूरी मतगणना में लगभग 6 घंटे 35 मिनट का समय लग सकता है। यदि प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार चलती रही तो दोपहर करीब 3 बजे तक आधिकारिक परिणाम घोषित होने की संभावना है।

इन उम्मीदवारों पर टिकी सबकी नजर

इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा, जनसुराज के प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता के बीच माना जा रहा है। हालांकि चुनाव मैदान में कुल 25 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें 23 पुरुष और 2 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।

हर राउंड पर रहेगी नजर

आज की मतगणना केवल बांकीपुर की नई राजनीतिक तस्वीर तय नहीं करेगी, बल्कि बिहार की राजनीति के लिए भी अहम संकेत दे सकती है। शुरुआती रुझानों से लेकर अंतिम परिणाम तक सभी की नजरें एएन कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर टिकी रहेंगी।