पटना | 20 जुलाई 2026

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोमवार को अपना 45वां जन्मदिन धार्मिक आस्था के साथ मनाया। जन्मदिन के अवसर पर वह अपने पिता और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के साथ पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने पूरे विधि-विधान से भगवान की पूजा-अर्चना की और रुद्राभिषेक कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

महावीर मंदिर में की विशेष पूजा

सुबह से ही महावीर मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कराई। निशांत कुमार और नीतीश कुमार ने भगवान महावीर और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और समर्थकों ने स्वास्थ्य मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

वीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में दर्शन और पूजा का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूजा के बाद दोनों नेता मंदिर से रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी बधाई

जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर निशांत कुमार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा सहित कई नेताओं और समर्थकों ने भी उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

जन्मदिन के साथ विधानसभा सत्र भी हुआ शुरू

20 जुलाई का दिन राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा। इसी दिन बिहार विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के पहले मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने हैं। वहीं विपक्ष भी विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में निशांत कुमार का जन्मदिन राजनीतिक गतिविधियों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।