नई दिल्ली/अबू धाबी, 15 अगस्त 2026 : भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संयुक्त अरब अमीरात के विचारक और इंफ्लुएंसर अमजद ताहा ने भारत की जमकर तारीफ की। उन्होंने भारत को सिर्फ एक रणनीतिक साझेदार नहीं, बल्कि हजारों साल पुरानी सभ्यता, ज्ञान और तेजी से बदलती अर्थव्यवस्था वाला देश बताया। अपने संदेश में ताहा ने भारत की सभ्यतागत विरासत से लेकर आधुनिक तकनीक और आर्थिक ताकत तक 80 उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने भगवद्गीता, महाभारत और सिख परंपरा का उल्लेख करते हुए भारत के उस विचार की सराहना की, जिसमें कर्तव्य, सेवा और सभी के कल्याण की भावना को महत्व दिया जाता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद समेत भारत के दार्शनिकों, गणितज्ञों, कवियों, योद्धाओं और समाज सुधारकों का जिक्र किया।

गीता और महाभारत का भी किया जिक्र

अमजद ताहा ने भारत की प्राचीन विरासत को उसकी आधुनिक उपलब्धियों से जोड़ते हुए कहा कि भगवद्गीता कर्तव्य और जिम्मेदारी का संदेश देती है। उन्होंने सिख परंपरा के 'सरबत दा भला' यानी सभी के कल्याण की भावना का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक भारत की अलग-अलग परंपराओं में विविधता के बावजूद एक साझा विचार दिखाई देता है—अपनी ताकत का इस्तेमाल खुद से बड़ी किसी चीज के लिए करना।

संकटों के बाद भी आगे बढ़ता रहा भारत

ताहा ने भारत के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि देश ने आक्रमणों, विभाजन, आतंकवाद और कई दूसरे संकटों का सामना किया, लेकिन हर बार मजबूती के साथ आगे बढ़ा। उन्होंने भारत की तकनीकी और वैज्ञानिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने मुश्किल परिस्थितियों के बाद भी नई तकनीक विकसित की, नई कंपनियां खड़ी कीं, अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कीं और अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया।

4.15 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी का जिक्र

UAE के विचारक ने भारत की 4.15 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था को भी अपनी उपलब्धियों की सूची में शामिल किया। इसके साथ उन्होंने विदेशी मुद्रा भंडार, बढ़ते निर्यात, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग व स्टार्टअप इकोसिस्टम जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने भारत के UPI डिजिटल पेमेंट सिस्टम को खास तौर पर तकनीकी क्षमता का उदाहरण बताया। रेलवे, हाईवे, रक्षा निर्यात, नवीकरणीय ऊर्जा और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की भी उन्होंने सराहना की।

भारत-UAE रिश्तों को बताया खास

अमजद ताहा ने भारत और UAE के रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी सिर्फ व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि दोनों समाजों के बीच मजबूत मानवीय और व्यक्तिगत संबंध भी हैं। उन्होंने भारत को UAE का महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार बताते हुए दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग की सराहना की।