टोक्यो, 7 सितंबर 2026 : जापान इस समय तेजी से घटती आबादी और कम होती जन्मदर की चुनौती से जूझ रहा है। इसी बीच जापानी लेखिका और पूर्व राजनीतिक उम्मीदवार कोटोए हाशिमोटो (Kotoe Hashimoto) ने अपने सातवें बच्चे को जन्म दिया है। उनके इस ऐलान के बाद जापान में Birth Rate Crisis और महिलाओं की भूमिका को लेकर अब चर्चा और तेज हो गई है। हाशिमोटो ने 29 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और फेसबुक पर अपने सातवें बच्चे के जन्म की जानकारी साझा की। इस बीच उन्होंने अपने नवजात बच्चे को गोद में लिए एक तस्वीर भी पोस्ट की और इलाज के दौरान सहयोग करने वाले मेडिकल स्टाफ का आभार भी जताया। उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। एक्स पर पोस्ट को लाखों व्यूज मिले, जबकि फेसबुक पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने उन्हें जमकर बधाई दी और जापान की घटती आबादी के बीच उनके फैसले की सराहना भूरी-भूरी की।

जापान की आबादी पर बढ़ रही चिंता

इस बीच कोटोए हाशिमोटो ने अपनी पोस्ट में जापानी महिलाओं से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि जापान के उत्थान और भविष्य में महिलाओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। उनकी इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे जापान की Demographic Crisis के बीच सकारात्मक संदेश बताया, जबकि कुछ ने इसे व्यक्तिगत पसंद और सामाजिक दबाव से जोड़कर भी चर्चा की।

2017 में चुनाव भी लड़ चुकी हैं हाशिमोटो

कोटोए हाशिमोटो 2017 के आम चुनाव में Party of Hope की उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि उन्हें चुनाव में जीत नहीं मिली थी। इसके बाद भी वह जापान की जनसंख्या और सामाजिक मुद्दों को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी राय लगातार रखती रही हैं।

रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंची जापान की प्रजनन दर

जापान लंबे समय से घटती जन्मदर की समस्या से जूझ रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 2025 में देश की Fertility Rate रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। जापान सरकार की ओर से परिवारों को प्रोत्साहन देने और जन्मदर बढ़ाने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं, लेकिन पिछले एक दशक से गिरावट का सिलसिला जारी है। ऐसे समय में कोटोए हाशिमोटो का सातवें बच्चे के जन्म की घोषणा करना जापान में जनसंख्या संकट और भविष्य की आबादी को लेकर चल रही बहस के बीच खास चर्चा का विषय बन गया है।