जोहांसबर्ग, 30 सितंबर 2026 : दक्षिण अफ्रीका के दो शहरी में सामूहिक गोलीबारी से हड़कंप मच गया है। इस हादसे के बाद लोग दहशत में हैं। दक्षिण अफ्रीका में दो अलग-अलग सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है। पहली घटना जोहांसबर्ग के दक्षिण-पश्चिम स्थित वाडेला टाउनशिप में हुई, जहां एक बार में गोलीबारी के दौरान 17 लोगों की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना केप टाउन के पास हुई, जिसमें 10 लोगों की मौत हुई है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने संदिग्ध हमलावरों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस इलाके में लगातार छापेमारी कर रही है, मगर अब तक सफलता नहीं मिली है।

वाडेला में बार के बाहर और अंदर गोलीबारी

पुलिस के मुताबिक वाडेला में शनिवार रात करीब 9:30 बजे गोलीबारी हुई। कम से कम आठ संदिग्धों ने कथित तौर पर बार के बाहर मौजूद लोगों पर गोलियां चलाईं और इसके बाद अंदर जाकर फायरिंग की। पुलिस के अनुसार, हमलावरों के पास AK-47 राइफल और हैंडगन थे। घटना में 17 लोगों की मौत हुई, जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। रविवार तक इस मामले में किसी गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई थी।

केप टाउन के पास दूसरी घटना में 10 की मौत

दूसरी सामूहिक गोलीबारी की घटना केप टाउन के पास लवांडले में हुई। पुलिस के मुताबिक, रविवार तड़के करीब एक बजे एक स्टोर में गोलीबारी की गई। इस घटना में 10 लोगों की मौत हुई, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने संदिग्ध हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, इस घटना में कितने हमलावर शामिल थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

कुछ दिन पहले हाउस पार्टी में भी हुई थी गोलीबारी

दक्षिण अफ्रीका में इन घटनाओं से कुछ दिन पहले भी गोलीबारी की एक बड़ी घटना हुई थी। डरबन के पास एक हाउस पार्टी में तीन बंदूकधारियों ने कथित तौर पर फायरिंग की थी। उस घटना में एक गर्भवती महिला समेत 11 लोगों की जान चली गई थी। हालांकि लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाओं ने दक्षिण अफ्रीका में हिंसक अपराध को लेकर चिंता काफी बढ़ा दी है। इस बीच स्थानीय पुलिस ने ताजा दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।