लंदन, 12 सितंबर 2026 : भारतीय वायुसेना (IAF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आजाद भारत के इतिहास में पहली बार भारतीय वायुसेना के तीन पायलटों को ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स (RAF) में फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर के तौर पर तैनात किया गया है। ये भारतीय अधिकारी ब्रिटिश वायुसेना के युवा पायलटों को उड़ान की ट्रेनिंग देंगे। IAF के तीनों अधिकारी क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर (QFI) हैं और उनकी शुरुआती तैनाती दो साल के लिए की गई है। वे वेल्स स्थित RAF Valley में RAF के पायलटों को प्रशिक्षण देंगे। इस टीम की अगुवाई स्क्वाड्रन लीडर रैंक के एक भारतीय अधिकारी कर रहे हैं।
RAF के Hawk T2 पर ट्रेनिंग देंगे भारतीय पायलट
भारतीय QFI ब्रिटिश पायलटों को BAE Hawk T2 एडवांस्ड जेट ट्रेनर पर प्रशिक्षण देंगे। इसी तरह के Hawk एयरक्राफ्ट का इस्तेमाल भारतीय वायुसेना भी अपने फाइटर पायलटों की अंतिम ट्रेनिंग के लिए करती है। Hawk T2 ट्रेनिंग के उस अहम चरण का हिस्सा है, जिसके बाद पायलटों को फ्रंटलाइन फाइटर जेट जैसे तेज और अत्याधुनिक विमानों को उड़ाने के लिए तैयार किया जाता है।
UK में पहली बार भारतीय QFI की तैनाती
भारतीय वायुसेना के मुताबिक, ब्रिटेन में भारतीय QFI की यह पहली तैनाती है। IAF ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे प्रोफेशनल एक्सीलेंस, इंटरऑपरेबिलिटी और भारत-ब्रिटेन के मजबूत रक्षा संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह फैसला इसी साल फरवरी में नई दिल्ली में हुई 19वीं UK-India Air Staff Talks के बाद लिया गया था। दोनों देशों के बीच सैन्य प्रशिक्षण और सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी थी।
भारतीय अफसर RAF कमांड के तहत देंगे ट्रेनिंग
ब्रिटेन में तैनाती के दौरान भारतीय QFI प्रशासनिक रूप से भारतीय वायुसेना की कमान के तहत रहेंगे, जबकि प्रशिक्षण से जुड़े कार्यों के लिए वे RAF कमांडरों के साथ काम करेंगे। इससे दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच प्रशिक्षण, तकनीकी अनुभव और संचालन क्षमता के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ब्रिटेन की सैन्य अकादमियों में पहले से तैनात हैं भारतीय अफसर
यह पहली बार नहीं है जब भारतीय सैन्य अधिकारी ब्रिटेन की सैन्य संस्थाओं में प्रशिक्षक की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले भी भारतीय सेना और नौसेना के अधिकारी ब्रिटिश सैन्य संस्थानों में इंस्ट्रक्टर के तौर पर तैनात किए जा चुके हैं। जनवरी 2026 में एक भारतीय वायुसेना अधिकारी को RAF College Cranwell में इंस्ट्रक्टर बनाया गया था। वहीं, भारतीय नौसेना का एक अधिकारी मई 2024 से Britannia Royal Naval College Dartmouth में और भारतीय सेना का एक अधिकारी मई 2025 से Royal Military Academy Sandhurst में इंस्ट्रक्टर के रूप में तैनात है। भारतीय वायुसेना के तीन पायलटों की RAF Valley में तैनाती भारत और ब्रिटेन के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग और साझा प्रशिक्षण क्षमताओं का एक अहम उदाहरण मानी जा रही है।




