वॉशिंगटन, 21 अगस्त 2026 : अमेरिका में गुरुवार को अलग-अलग जगहों पर दो विमान हादसे से हड़कंप मच गया है। अलास्का में आठ लोगों को लेकर जा रहा ट्विन इंजन सेसना विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वहीं, इससे कुछ घंटे पहले पेंसिल्वेनिया में लैंडिंग कर रहा एक छोटा विमान पुलिस हेलिकॉप्टर से टकरा गया। इस हादसे में विमान के पायलट की मौत हो गई, जबकि हेलिकॉप्टर में सवार दो पुलिसकर्मी बुरी तरह से घायल हो गए।
अलास्का में आठ लोगों को लेकर जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त
अलास्का के पश्चिमी हिस्से में एक चार्टर विमान हादसे का शिकार हो गया। अधिकारियों के अनुसार, ट्विन इंजन सेसना विमान ने एनकोरेज से उड़ान भरी थी। विमान में दो पायलट और छह यात्री समेत कुल आठ लोग सवार थे। बताया गया कि विमान केप न्यूएनहैम के पास पहुंचने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही अलास्का रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर ने खोज और बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना वाली जगह काफी दुर्गम क्षेत्र में बताई जा रही है और यह केप न्यूएनहैम लॉन्ग रेंज रडार साइट के पास स्थित है। हादसे के बाद अधिकारियों ने विमान में सवार लोगों को लेकर जानकारी जुटाने और राहत-बचाव अभियान तेज किया।
सांसद ने हादसे पर जताया दुख
अलास्का की रिपब्लिकन सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की ने विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने राहत और बचाव अभियान में जुटी यूएस कोस्ट गार्ड, नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB), अलास्का स्टेट ट्रूपर्स और रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर की टीमों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अलास्का में विमानन सुरक्षा से जुड़े अपने अनुभवों का जिक्र किया और हादसे के बाद बचाव अभियान में जुटी टीमों के प्रति आभार व्यक्त किया।
पेंसिल्वेनिया में विमान और पुलिस हेलिकॉप्टर की टक्कर
अलास्का हादसे से कुछ घंटे पहले पेंसिल्वेनिया के Carlisle में एक अन्य विमान हादसा हुआ। यहां लैंडिंग की कोशिश कर रहा एक छोटा Cessna 150 विमान रनवे के पास अभ्यास कर रहे पेंसिल्वेनिया स्टेट पुलिस के हेलिकॉप्टर से टकरा गया। पुलिस के मुताबिक हेलिकॉप्टर रनवे के बगल में घास वाले इलाके के ऊपर प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हवा में स्थिर था। इसी दौरान लैंडिंग कर रहा छोटा विमान अचानक अपनी दिशा से हट गया और हेलिकॉप्टर के पिछले हिस्से से जा टकराया।
हादसे में पायलट की मौत, दो पुलिसकर्मी घायल
टक्कर के बाद दोनों विमान जमीन पर गिर गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में Cessna 150 के 57 वर्षीय पायलट पॉल विलियम सोकोलोस्की की मौत हो गई। वहीं, पुलिस हेलिकॉप्टर में मौजूद दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों घटनाओं ने अमेरिका में छोटे विमानों और हेलिकॉप्टरों की उड़ान सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, दोनों हादसों के सटीक कारणों की जांच संबंधित एजेंसियों की ओर से की जा रही है।




