सोफिया, 19 अक्टूबर 2026 : इजराइल से ऑस्ट्रिया जा रही Austrian Airlines Flight OS82 को बम की धमकी मिलने के बाद रविवार यानी 18 अक्टूबर को बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में 51 यात्री और छह क्रू मेंबर समेत कुल 57 लोग सवार थे। बुल्गारिया की वायुसेना ने सुरक्षा के मद्देनजर विमान को एस्कॉर्ट करने के लिए MiG-29 फाइटर जेट भेजा। विमान सुरक्षित सोफिया एयरपोर्ट पर उतरा और सभी यात्रियों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया। शुरुआती रिपोर्टों में किसी के घायल होने की सूचना नहीं थी। घटना के बाद विमान की सुरक्षा जांच की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में कोई संदिग्ध खतरा नहीं मिला।
रोमानिया के पास से विमान को सोफिया की ओर मोड़ा गया
एयरबस A320 ने रविवार शाम इजराइल के बेन गुरियन एयरपोर्ट से वियना के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान रोमानिया की सीमा के पास क्रू को बम की धमकी से जुड़ा अलर्ट मिला। इसके बाद विमान का रूट बदलकर बुल्गारिया की राजधानी सोफिया की ओर कर दिया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार विमान रात में सोफिया के वासिल लेव्स्की एयरपोर्ट पर उतरा। बुल्गारिया के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि क्रू की ओर से खतरे की सूचना मिलने के बाद विमान को सुरक्षित उतारने का फैसला किया गया। बुल्गारियाई वायुसेना का MiG-29 लड़ाकू विमान विमान की निगरानी के लिए भेजा गया था।
छह दिन पहले डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट को भी मिली थी धमकी
13 अक्टूबर को न्यूयॉर्क से तेल अवीव पहुंची डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिलने की खबर सामने आई थी। विमान की तलाशी ली गई, लेकिन विस्फोटक मिलने की पुष्टि नहीं हुई।लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है।
सितंबर में फ्लाईदुबई की उड़ान में हुआ था गंभीर घटनाक्रम
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान में कॉकपिट के अंदर पायलटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, सह-पायलट ने विमान के मुख्य पायलट पर हमला किया, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़कर सुरक्षित उतारा गया। इस घटना की जांच के बाद इजराइल जाने वाली उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे।




