लखनऊ, 14 सितंबर 2026। बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने अपने स्वास्थ्य को लेकर चल रही अफवाहों को सिरे से खारिज किया है। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और लगातार पार्टी का काम कर रही हैं। इस दौरान मायावती ने कहा कि पार्टी से निकाले गए कुछ लोग यह भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह बीमार हैं। उन्होंने बताया कि इसी वजह से उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी।
आकाश आनंद पर मायावती का बड़ा बयान
मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के इंचार्ज आलोक कुमार के पास शनिवार रात आकाश का फोन आया था। मायावती के मुताबिक, आकाश ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और यह भी कहा कि उनकी बात बहनजी को न बताई जाए। मायावती ने आकाश की राजनीतिक सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह अभी राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आकाश अपने फैसले खुद लेने के बजाय अभी भी अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में काम कर रहे हैं।
आकाश को जिम्मेदारी से क्यों किया गया दूर ?
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि आकाश को पार्टी की जिम्मेदारियों से मुक्त करने के पीछे उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता एक वजह रही है। हाल के दिनों में दोनों के बीच राजनीतिक दूरी खुलकर सामने आई है।मायावती ने पहले आकाश को पार्टी में पद वापस देने के लिए अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने की शर्त रखी थी। इसके बाद अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान भी किया, लेकिन इसके बावजूद आकाश को पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई। बाद में मायावती ने आकाश को पार्टी से बाहर करने का ऐलान किया और उन पर पार्टी व मिशन से ज्यादा अपने ससुर को महत्व देने का आरोप लगाया।
ईशान को भी नहीं मिलेगा पार्टी में पद
मायावती ने हालिया बयान में साफ किया है कि सिर्फ आकाश ही नहीं, बल्कि उनके दूसरे भतीजे ईशान को भी पार्टी में कोई पद नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अपनी भतीजी दीपिका आनंद को लेकर भी भविष्य में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के संकेत दिए हैं।
BSP के संगठन में बड़ा बदलाव
मायावती ने पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए देश को तीन सेक्टरों में बांटने का ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की जिम्मेदारी वह खुद संभालेंगी। वहीं, देश के बाकी राज्यों को दो अन्य सेक्टरों में बांटा गया है। पहले सेक्टर की जिम्मेदारी रामजी गौतम और सुरेश राव को दी गई है, जबकि दूसरे सेक्टर की जिम्मेदारी राजाराम और अतर सिंह राव को सौंपी गई है। मायावती ने पार्टी में मुख्य सेक्टर प्रभारी का पद भी खत्म करने की घोषणा की है।
चीन सीमा विवाद और पंचायत सहायकों का मुद्दा भी उठाया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मायावती ने BRICS सम्मेलन का जिक्र करते हुए भारत और चीन के बीच सीमा विवाद को जल्द सुलझाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को मतभेदों को विवाद में बदलने से रोकने के प्रयास करने चाहिए। इसके अलावा उन्होंने उत्तर प्रदेश में आंदोलन कर रहे करीब 58 हजार पंचायत सहायकों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से उनके मानदेय और सेवा से जुड़ी मांगों पर विचार करने की अपील की। मायावती ने दावा किया कि पार्टी और मूवमेंट के हित में हाल में लिए गए कड़े फैसलों का संगठन को फायदा मिल रहा है और BSP का मिशन आगे बढ़ रहा है।




