25/11/2026 - UP Voter List: लखनऊ में 238 डबल वोट के मामले, 545 आवेदन से मची हलचल; 27-28 नवंबर को फिर कैंप

UP Voter List: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को अपडेट करने का अभियान तेज हो गया है. विशेष गहन पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत लखनऊ में मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं. 22 नवंबर तक विशेष कैंपों में कुल 545 फॉर्म-7 जमा किए गए. इनमें 238 आवेदन दो जगह मतदाता सूची में नाम दर्ज होने यानी डबल वोट से संबंधित हैं, जबकि 139 आवेदन मृत मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए किए गए हैं.

प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, डबल वोट के मामलों में लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है. इसके बाद सरोजनीनगर में सबसे ज्यादा आवेदन दर्ज किए गए हैं.

डबल वोट के मामलों में लखनऊ पश्चिम सबसे आगे

मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए मिले आवेदनों में सबसे ज्यादा मामले लखनऊ पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से सामने आए हैं. यहां कुल 97 आवेदन मिले, जिनमें 79 आवेदन दो जगह नाम दर्ज होने से संबंधित हैं. इन मामलों में मतदाताओं या उनके परिवार के सदस्यों ने दो स्थानों पर नाम होने की जानकारी दी है.

सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में डबल वोट से जुड़े 56 आवेदन मिले हैं. इसके अलावा लखनऊ पूर्व में 28, लखनऊ उत्तर में 22, बख्शी का तालाब में 19, मलिहाबाद में 17, लखनऊ मध्य में 11, कैंट में 4 और मोहनलालगंज में 2 आवेदन दर्ज किए गए हैं.

मृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिए 139 आवेदन

मतदाता सूची में मृत लोगों के नाम दर्ज होने को लेकर भी परिजनों ने आवेदन किया है. जिले में मृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिए कुल 139 फॉर्म-7 जमा किए गए हैं.

इनमें सबसे ज्यादा 52 आवेदन बख्शी का तालाब विधानसभा क्षेत्र से आए हैं. मलिहाबाद में 31 और मोहनलालगंज में 28 परिवारों ने अपने दिवंगत परिजनों के नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए आवेदन किया है.

27 और 28 नवंबर को फिर लगाए जाएंगे विशेष कैंप

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से 27 और 28 नवंबर को फिर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे.

इन कैंपों में मतदाता अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवेदन कर सकेंगे. पहली बार मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा. इसके साथ उम्र और निवास से संबंधित दस्तावेज तथा पासपोर्ट साइज फोटो जमा करनी होगी.

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए कौन से दस्तावेज जरूरी?

पहली बार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए उम्र के प्रमाण के तौर पर जन्म प्रमाण पत्र, हाईस्कूल या इंटरमीडिएट की मार्कशीट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे दस्तावेज दिए जा सकते हैं.

निवास प्रमाण के लिए आधार कार्ड, बैंक या डाकघर की अपडेटेड पासबुक, बिजली-पानी का बिल, गैस कनेक्शन का बिल, राजस्व विभाग का भूमि स्वामित्व अभिलेख या किरायानामा जैसे दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जा सकता है.

मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी तरह की गलती होने पर भी विशेष कैंप में आवेदन किया जा सकता है. निर्वाचन आयोग के इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना और पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज कराना है.