25/11/2026 - Gorakhpur News: योगी की रैली के लिए आई बस ने शिक्षिका का पैर कुचला, अखिलेश ने मांगा 25 लाख मुआवजा और घर
Gorakhpur Teacher Bus Accident: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के लिए लोगों को लाने गई बस से हुए हादसे में एक प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं. शिक्षिका उमा त्रिपाठी का पैर बुरी तरह कुचलने के बाद डॉक्टरों को उसे काटना पड़ा. पहले से पोलियो के कारण एक पैर से परेशान उमा त्रिपाठी अब अपना दूसरा पैर भी गंवा चुकी हैं. फिलहाल उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा है.
इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार से शिक्षिका के बेहतर इलाज, 25 लाख रुपये मुआवजे और सरकारी आवास देने की मांग की है. साथ ही उन्होंने स्वस्थ होने के बाद शिक्षिका को उनके घर के नजदीक स्कूल में तैनाती देने की मांग भी उठाई है.
योगी की रैली के लिए आई बस से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि हादसा 19 नवंबर को गोरखपुर के कैंपियरगंज क्षेत्र में हुआ था. भरगाई प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका उमा त्रिपाठी स्कूल जाने वाली संकरी पगडंडी पर थीं. इसी दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैंपियरगंज स्थित वानिकी विश्वविद्यालय में आयोजित सभा के लिए लोगों को लाने गई बस वहां पहुंची.
आरोप है कि बस ने शिक्षिका को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनका पैर बुरी तरह कुचल गया. हादसे के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों को उनका पैर काटना पड़ा.
'अब कैसे जिऊंगी', बेटे ने कहा- मैं आपका पैर बनूंगा
अस्पताल में इलाज करा रहीं उमा त्रिपाठी ने हादसे के बाद की स्थिति बताते हुए अपना दर्द साझा किया. उन्होंने बताया कि पहले से पोलियो के कारण उनका एक पैर प्रभावित था और वह दूसरे पैर के सहारे जीवन और नौकरी संभाल रही थीं.
अब हादसे में दूसरा पैर भी गंवाने के बाद उनकी जिंदगी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उन्होंने भावुक होकर बताया कि उनका 13 वर्षीय बेटा उन्हें सांत्वना देते हुए कहता है कि 'मम्मा, मैं आपका पैर बनूंगा.'
55 किलोमीटर दूर स्कूल जाती थीं शिक्षिका, नजदीक तैनाती की मांग
उमा त्रिपाठी हादसे से पहले शारीरिक परेशानी के बावजूद नियमित रूप से स्कूल में अपनी ड्यूटी निभा रही थीं. उनका विद्यालय घर से करीब 55 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है.
हादसे के बाद उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ठीक होने पर उन्हें घर के नजदीक किसी विद्यालय में तैनाती दी जाए, ताकि वह अपनी परिस्थितियों के अनुसार नौकरी जारी रख सकें. उन्होंने बताया कि स्कूल के बच्चे भी वीडियो कॉल के जरिए उनसे बात करते हैं और उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं.
शिक्षिका ने प्रशासन पर लगाया हालचाल नहीं लेने का आरोप
उमा त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद प्रशासन या सरकार की ओर से कोई अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा. उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में इलाज का खर्च उन्हें खुद उठाना पड़ रहा है.
शिक्षिका के मुताबिक, बस चालक के पास उन्हें देखकर वाहन रोकने का मौका था. उन्होंने हाथ से रुकने का इशारा भी किया, लेकिन बस नहीं रुकी. उन्होंने दोषी के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है.
अखिलेश यादव ने मांगा 25 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी आवास
शिक्षिका के साथ हुए हादसे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने शिक्षिका के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने, 25 लाख रुपये मुआवजा देने और सरकारी आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराने की मांग की.
अखिलेश यादव ने सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए भीड़ जुटाने में लगी गाड़ियों के कारण एक महिला और मां को इस तरह की परेशानी क्यों उठानी पड़े.
बिना वेतन कटौती छुट्टी और नजदीकी स्कूल में पोस्टिंग की मांग
अखिलेश यादव ने शिक्षिका को इलाज और स्वास्थ्य लाभ के लिए बिना वेतन कटौती के छुट्टी देने की मांग भी की है. इसके अलावा, स्वस्थ होने के बाद उन्हें घर के सबसे नजदीक विद्यालय में तैनाती देने की बात कही है.
उन्होंने कहा कि अगर सरकार शिक्षिका के इलाज और सहायता की व्यवस्था नहीं कर पाती है, तो समाजवादी पार्टी उनकी मदद करने के लिए तैयार है.
कांग्रेस ने भी सरकार से उठाए सवाल
शिक्षिका उमा त्रिपाठी के मामले में कांग्रेस ने भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं. पार्टी ने शिक्षिका के साथ हुए हादसे और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर सरकार से जवाबदेही और सहायता की मांग की.
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि सरकार की ओर से न्याय और संवेदनशीलता के दावे किए जाते हैं, लेकिन हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को सहायता कब मिलेगी? मामला सामने आने के बाद राजनीतिक दलों ने शिक्षिका के इलाज, मुआवजे और भविष्य की नौकरी को लेकर सरकार से कार्रवाई की मांग उठाई है.






