उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती राजभवन का परेड ग्राउंड 17 नवंबर से धार्मिक आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है। यहां 17 से 20 नवंबर तक भव्य श्रीराम कथा और सनातनी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनाएंगे। आयोजन में पाकिस्तान से भारत आए करीब 500 हिंदू शरणार्थियों के शामिल होने की भी तैयारी है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने इन परिवारों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
पाकिस्तानी हिंदू परिवारों से राजा भैया का पुराना जुड़ाव
पाकिस्तान से भारत आए हिंदू परिवारों को आमंत्रित करने के पीछे राजा भैया का उनसे पुराना संपर्क भी एक वजह है। वर्ष 2024 में उन्होंने राजस्थान के जोधपुर स्थित शरणार्थी शिविर पहुंचकर इन परिवारों से मुलाकात की थी और आर्थिक सहायता दी थी।
इसके अलावा, दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में रहने वाले पाकिस्तानी हिंदू परिवारों को भी उन्होंने सहयोग दिया था। हाल ही में इन परिवारों के बच्चों ने उनके जन्मदिन पर केक काटकर शुभकामनाएं दी थीं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा था।
शरणार्थियों के ठहरने और तीर्थयात्रा का विशेष इंतजाम
रामकथा में शामिल होने के लिए राजस्थान के जोधपुर से आने वाले करीब 500 हिंदू शरणार्थियों के ठहरने की व्यवस्था कथा स्थल के पास की जा रही है। इसके लिए अलग से टेंट सिटी तैयार कराई जा रही है।
राजा भैया के मुताबिक, मेहमानों को केवल रामकथा सुनने का अवसर ही नहीं मिलेगा, बल्कि उन्हें प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन भी कराए जाएंगे। इसके तहत प्रयागराज के संगम, अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ मंदिर की यात्रा कराई जाएगी। इस तीर्थयात्रा के लिए 10 बसों की व्यवस्था की जाएगी।
राजा भैया ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से परिवार सहित इस धार्मिक आयोजन में पहुंचने की अपील भी की है।
सुरक्षा के लिए 200 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जाएंगे
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे आयोजन स्थल पर 200 से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इनमें 64 कैमरे मंच और मुख्य कथा स्थल के आसपास लगाए गए हैं।
इसके अलावा, भीड़ नियंत्रण, पुलिस निगरानी और श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की जा रही है।
श्रद्धालुओं के लिए 12 पार्किंग स्थल और विशाल पंडाल
आयोजन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। किलहनापुर और हौदेश्वरनाथ मार्ग से आवागमन के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है।
कार्यक्रम स्थल के पीछे एक हेलीपैड भी बनाया जा रहा है। वहीं, करीब 560 गुणा 100 फीट के मुख्य पंडाल में श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था होगी।
दूर-दराज से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए 20 सार्वजनिक स्थानों पर 43 इंच की LED स्क्रीन भी लगाई जाएंगी। इससे मुख्य पंडाल से दूर रहने वाले श्रद्धालु भी श्रीराम कथा का श्रवण कर सकेंगे।
20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था
आयोजकों के अनुसार, चार दिवसीय कार्यक्रम में करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन के सभी चार दिनों में श्रद्धालुओं को लगातार भंडारा और नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में योगगुरु बाबा रामदेव, सतुआ बाबा समेत कई संतों के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा, हैदराबाद के विधायक टी. राजा और विभिन्न राज्यों के मंत्रियों तथा राजनीतिक हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
फिलहाल, आयोजन को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। पुलिस और प्रशासन भी सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी कर रहे हैं।






