लखनऊ, 29 अगस्त 2026 : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो गरीबों को इलाज के लिए किसी कार्ड या कागजी औपचारिकता की जरूरत नहीं होगी। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा अपने आगामी Manifesto में गरीबों के लिए मुफ्त इलाज और दवाइयों की व्यवस्था का वादा शामिल करेगी। सपा प्रमुख के मुताबिक, गंभीर बीमारी हो या सामान्य बीमारी, गरीब मरीजों से इलाज और दवा के लिए पैसे नहीं लिए जाने चाहिए।
बिना कार्ड सीधे मिलेगा मुफ्त इलाज
अखिलेश यादव ने कहा कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अस्पताल पहुंचने वाले गरीब मरीजों से किसी तरह का कार्ड नहीं मांगा जाएगा। मरीज का सीधे इलाज किया जाएगा और जरूरी दवाइयां भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में लखनऊ स्थित लोहिया संस्थान और अस्पताल में गरीबों के इलाज को लेकर ऐसी व्यवस्था की शुरुआत की गई थी। अखिलेश ने गंभीर बीमारियों, खासकर कैंसर के इलाज को लेकर भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
महंगाई पर भी अखिलेश ने सरकार को घेरा
सपा अध्यक्ष ने महंगाई के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जरूरी सामान की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि आम लोगों की आय उसी अनुपात में नहीं बढ़ी है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर डॉ. राममनोहर लोहिया के 'दाम बांधो' सिद्धांत के आधार पर जरूरी वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने की दिशा में काम करेगी।
खिलाड़ियों के लिए वर्ल्ड क्लास सुविधाओं का वादा
अखिलेश यादव ने युवाओं और खिलाड़ियों को लेकर भी बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर खिलाड़ियों के साथ बातचीत कर उनकी जरूरतों के अनुसार World Class Sports Infrastructure तैयार किया जाएगा। उनका कहना है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया जाएगा।
JPNIC को लेकर भी बीजेपी पर निशाना
अखिलेश यादव ने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर यानी JPNIC को समाजवादियों के लिए भावनात्मक स्थल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने इस महत्वपूर्ण इमारत को बेच दिया। उन्होंने कहा कि JPNIC में बड़ी पार्किंग क्षमता है और इससे सरकार को अच्छी आय हो सकती थी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से जनता और प्रदेश को नुकसान हो रहा है।
बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और खेल सुविधाओं की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों के इलाज, जरूरी वस्तुओं की कीमतों और खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर कई बड़े फैसले लिए जाएंगे।




