Dyson Hot+Cool HF1 लॉन्च: एक ही डिवाइस में पंखा और हीटर, जानें कीमत और फीचर्स

गर्मियों में पंखे और सर्दियों में हीटर की जरूरत पड़ती है। ऐसे में घर में अलग-अलग डिवाइस रखने पड़ते हैं। लेकिन अब Dyson ने भारत में एक ऐसा डिवाइस पेश किया है, जो दोनों मौसम में काम आ सकता है। कंपनी ने अपना नया 2-in-1 फैन Dyson Hot+Cool HF1 लॉन्च किया है। यह गर्मियों में पंखे की तरह हवा देगा और सर्दियों में कमरे को गर्म करने का काम करेगा। इसके अलावा कंपनी ने Dyson Cool Tower Fan भी पेश किया है।

Dyson Hot+Cool HF1 में मिलेंगे फैन और हीटर के फीचर्स

Dyson Hot+Cool HF1 को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसे सालभर इस्तेमाल किया जा सके। गर्मियों में यह फैन की तरह हवा देता है, जबकि सर्दियों में हीटिंग मोड के जरिए कमरे को गर्म करता है।

इसमें कंपनी की Air Multiplier तकनीक दी गई है, जो आसपास की हवा को खींचकर तेज एयरफ्लो के साथ बाहर की ओर भेजती है। इसमें बाहर की तरफ घूमने वाले पारंपरिक फैन ब्लेड भी नहीं हैं। कंपनी के दावे के मुताबिक, यह डिवाइस करीब 100 सेकंड में कमरे का तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा सकता है।

तापमान और एयरफ्लो को कर सकेंगे कंट्रोल

Dyson Hot+Cool HF1 में इनबिल्ट टेंपरेचर सेंसर और थर्मोस्टेट दिया गया है। इसकी मदद से यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से तापमान सेट कर सकते हैं। इसमें अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस तक तापमान सेट करने का विकल्प मिलता है।

डिवाइस में एयरफ्लो की 10 स्पीड सेटिंग्स दी गई हैं। इसके अलावा 70 डिग्री तक ऑसिलेशन और मैनुअल टिल्ट का विकल्प मिलता है। इससे हवा की दिशा को अपनी जरूरत के मुताबिक बदला जा सकता है।

स्लीप मोड और ऐप कंट्रोल की सुविधा

रात में इस्तेमाल को आसान बनाने के लिए इसमें स्लीप मोड दिया गया है। इसे चालू करने पर डिस्प्ले की रोशनी कम हो जाती है और डिवाइस धीमी आवाज में काम करता है। इसमें टाइमर भी मिलता है, जिससे यूजर मशीन के चलने का समय तय कर सकते हैं।

Dyson Hot+Cool HF1 को डिवाइस के बटन, रिमोट और MyDyson ऐप के जरिए कंट्रोल किया जा सकता है। सुरक्षा के लिए इसमें ऑटो शट-ऑफ फीचर भी दिया गया है। डिवाइस के गिरने की स्थिति में यह अपने आप बंद हो जाता है।

Dyson Cool Tower Fan भी हुआ पेश

Dyson ने Hot+Cool HF1 के साथ Cool Tower Fan भी लॉन्च किया है। हालांकि, यह डिवाइस सिर्फ फैन का काम करता है और इसमें हीटिंग की सुविधा नहीं मिलती।

इसमें भी Air Multiplier तकनीक दी गई है, जो हवा को कमरे में फैलाने में मदद करती है। यूजर इसमें 10 अलग-अलग एयरफ्लो स्पीड सेट कर सकते हैं। इसे रिमोट से कंट्रोल किया जा सकता है। साथ ही, इसमें स्लीप टाइमर भी दिया गया है।

कंपनी ने इसके बेस को इस तरह डिजाइन किया है कि डिवाइस के काम करने के दौरान आवाज कम रहे।

Dyson Hot+Cool HF1 और Cool Tower Fan की कीमत

भारत में Dyson Hot+Cool HF1 की कीमत 38,900 रुपये रखी गई है। वहीं, Dyson Cool Tower Fan को 27,900 रुपये में खरीदा जा सकता है। दोनों डिवाइस कंपनी की वेबसाइट और ऑफलाइन स्टोर्स पर उपलब्ध हैं।

ध्यान देने वाली बात है कि Dyson Hot+Cool HF1 में कूलिंग फैन और हीटर दोनों की सुविधा मिलती है, लेकिन यह एयर कंडीशनर (AC) नहीं है। यानी गर्मियों में यह कमरे का तापमान AC की तरह कम नहीं करता, बल्कि हवा का एहसास देता है।