हाजीपुर/पटना, 21 नवंबर 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन किया। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को गले लगाया। इसके बाद पुल का निरीक्षण किया और गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन किया।इस मौके पर प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास, निवेश, बुनियादी सुविधाओं और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार से पहले बिहार में घोटालों की गिनती होती थी, लेकिन अब राज्य में निवेश के आंकड़े पेश किए जा रहे हैं।
नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया पुल का नाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा मैया पर बने इस पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है। यह उनके सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। दशकों तक बदहाली झेलने वाले बिहार को नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला। पीएम मोदी ने कहा कि इस पुल के बनने से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा। फल, सब्जी और दूध जैसे उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों और मरीजों को भी इसका लाभ मिलेगा।
43 लाख परिवारों को मिले पक्के मकान : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने बिहार में गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने लोगों को घर, इलाज, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उन्होंने बताया कि बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 43 लाख लोगों को पक्के मकान दिए गए हैं। इसके अलावा राज्य के 75 लाख किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत हजारों करोड़ रुपये भेजे गए हैं। पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने योजनाओं का लाभ लोगों के घर तक पहुंचाने के लिए लगातार काम किया है। गरीबी के खिलाफ अभियान में बिहार का महत्वपूर्ण योगदान है।
कांग्रेस पर निशाना, बोले- 12 साल में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक गरीबी हटाओ का नारा देती रही, लेकिन उनकी सरकार ने 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया। उन्होंने कहा कि जब सरकार साफ नीयत से काम करती है तो उसके नतीजे दिखाई देते हैं। गरीबी के खिलाफ देश की लड़ाई इसलिए सफल हो रही है, क्योंकि गरीबों का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।
34,470 करोड़ रुपये की 227 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम के दौरान 21 विभागों की 227 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 34,470 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।इन योजनाओं में सड़क, पुल, उद्योग, शिक्षा, ऊर्जा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके अलावा वैशाली के राजापाकर क्षेत्र में 1,243 एकड़ में विकसित होने वाले औद्योगिक कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी गई। प्रधानमंत्री ने बिहार के विभिन्न शहरों के लिए 100 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को पक्के मकानों की चाबियां सौंपी गईं।
9.76 किलोमीटर लंबा है नीतीश सेतु
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल की मुख्य लंबाई लगभग 9.76 किलोमीटर है। एप्रोच रोड को मिलाकर इसकी कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर बताई गई है। इस पुल के चालू होने से पटना और वैशाली के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को भी सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
सम्राट चौधरी बोले- पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया
कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। उन्होंने पीएम को मखाने से बनी माला पहनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नीतीश सेतु का उद्घाटन बिहार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रोटोकॉल के तहत मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की तस्वीरों की बात कर रहे थे, लेकिन पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया। वहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पुल का नाम नीतीश सेतु रखने के फैसले ने बिहारवासियों के दिल को छुआ है। नीतीश कुमार हम सभी के दिल में बसते हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पुल के उद्घाटन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार की जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी की है।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद मोदी का दूसरा बिहार दौरा
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दूसरा बिहार दौरा है। इससे पहले सात मई 2026 को वे पटना में बिहार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस बीच शनिवार को प्रधानमंत्री ने वैशाली के राजापाकर में एक जनसभा को भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में एनडीए के सभी घटक दलों भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में एनडीए के सभी दलों से मिलकर समर्थ और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए काम करने की अपील की।






