पटना: राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। राघोपुर दो मुहानी के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान राघोपुर निवासी वार्ड पार्षद सोनू कुमार के 18 वर्षीय पुत्र आशू कुमार, अमरेंद्र सिंह के 18 वर्षीय पुत्र बेनू कुमार तथा 14 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। इनमें आशू कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें पटना भेजा गया है, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार सभी युवक शुक्रवार सुबह राघोपुर से अमहारा आईआईटी क्षेत्र की ओर चाय पीने जा रहे थे। इसी दौरान राघोपुर दो मुहानी के पास कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।




