रांची | 08 जुलाई 2026
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले में चार महीने की पेंशन राशि एक साथ लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, पहले चरण में 1 लाख 59 हजार 358 लाभुकों को अप्रैल से जुलाई 2026 तक की पेंशन का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किया गया। इस दौरान कुल 63 करोड़ 74 लाख 32 हजार रुपये लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित किए गए।
हर लाभुक को मिले 4,000 रुपये
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर यह भुगतान किया गया। योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभुक को चार महीने की पेंशन के रूप में 4,000 रुपये उनके बैंक खाते में भेजे गए। जिला प्रशासन का कहना है कि समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया।
22 प्रखंडों और अंचलों के लाभुकों को मिला लाभ
प्रशासन के अनुसार, जिले के 22 प्रखंडों और शहरी अंचलों के लाभुकों को इस चरण में योजना का लाभ मिला है। इनमें कांके, मांडर, सिल्ली, बेड़ो, सोनाहातू, रातू, नामकुम, ओरमांझी, नगड़ी, बुंडू, बुढ़मू समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं। बड़ी संख्या में लाभुकों के खातों में सफलतापूर्वक राशि पहुंचने के बाद जिला प्रशासन ने इसे योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
चार अंचलों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन
जिला प्रशासन ने बताया कि अनगड़ा, चान्हो, तमाड़ और शहर अंचल के लाभुकों की पेंशन राशि जारी करने की प्रक्रिया अभी जारी है। संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही इन लाभुकों के खातों में भी राशि भेज दी जाएगी।
आधार सीडिंग और सत्यापन कराना अनिवार्य
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के खातों में अभी तक पेंशन राशि नहीं पहुंची है, वे अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग अवश्य कराएं और संबंधित प्रखंड या अंचल कार्यालय में भौतिक सत्यापन पूरा करें। अधिकारियों का कहना है कि इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद ही भविष्य में पेंशन राशि का निर्बाध भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा।




