रामगढ़, 12 सितंबर 2026 : झारखंड के रामगढ़ जिले को बने 19 साल पूरे हो चुके हैं। इन वर्षों में जिले में विकास के कई बदलाव हुए, कई सरकारी कार्यालयों को व्यवस्थित किया गया, लेकिन शिक्षा विभाग से जुड़ा एक अहम कार्यालय आज भी पुराने भवन में संचालित हो रहा है। झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय अब तक रामगढ़ के बुनियादी विद्यालय के भवन में ही चलाया जा रहा है। रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज के कार्यभार संभालने के बाद जिले के कई सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया गया और साफ-सफाई से लेकर कार्यालयों की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। हालांकि झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय की स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है।

एक ही कार्यालय में नहीं बैठते शिक्षा विभाग के अधिकारी

बताया जाता है कि झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय में जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) भी आते हैं। वहीं, इन अधिकारियों के कार्यालय रामगढ़ के छत्तरमांडू स्थित ब्लॉक-बी के द्वितीय तल पर हैं। ऐसे में शिक्षकों को अधिकारियों से मिलने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार शिक्षक अपनी समस्याएं लेकर परियोजना कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन वहां जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक मौजूद नहीं मिलते।इसके बाद शिक्षकों को जानकारी मिलती है कि अधिकारी अपने मुख्य कार्यालय छत्तरमांडू में बैठे हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें दोबारा छत्तरमांडू स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय जाना पड़ता है।

शिक्षकों को हो रही परेशानी

शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण अधिकारियों और कार्यालयों के अलग-अलग स्थानों पर होने के कारण काम कराने में अतिरिक्त समय और परेशानी होती है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले शिक्षकों के लिए यह स्थिति और मुश्किल पैदा करती है। शिक्षकों का सवाल है कि जब रामगढ़ जिला बने 19 साल हो चुके हैं और जिले में लगातार विकास हो रहा है, तो शिक्षा परियोजना कार्यालय को अब तक एक व्यवस्थित और स्थायी सरकारी भवन क्यों नहीं मिल सका ?

उपायुक्त से नहीं हो सकी बात

इस मामले को लेकर रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यालय को बुनियादी विद्यालय के भवन से स्थानांतरित करने को लेकर प्रशासन की क्या योजना है। बहरहाल, रामगढ़ जिले के गठन के 19 वर्ष बाद भी शिक्षा परियोजना कार्यालय का बुनियादी विद्यालय के भवन में संचालित होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन कब तक कोई ठोस कदम उठाता है।