गुमला, 24 अगस्त। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जर्जर सड़कों, जलजमाव, ब्लैक स्पॉट, सड़क किनारे पेड़ों और होर्डिंग से संभावित खतरे के साथ यातायात नियमों के पालन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और सुरक्षा उपायों को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए।
सिसई मुख्य मार्ग की मरम्मत में देरी पर नाराजगी
बैठक में सिसई मुख्य मार्ग पर अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होने को लेकर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोगों के आवागमन को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। वहीं, गुमला-जशपुर रोड (एनएच-78) को एनएचएआई को सौंपने की प्रक्रिया पूरी होने तक सड़क को दुरुस्त रखने को कहा गया।
गुमला-लोहरदगा मार्ग के गड्ढों की होगी मरम्मत
गुमला-लोहरदगा मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने एनएच के कार्यपालक अभियंता से समन्वय कर आवश्यक मरम्मत कराने को कहा। सड़क निर्माण से संबंधित टेंडर के लिए विभाग को पत्र भेजे जाने और स्वीकृति की प्रतीक्षा की जानकारी भी बैठक में दी गई।
घाघरा-नेतरहाट रोड पर पेड़ों की छंटाई के निर्देश
घाघरा-नेतरहाट मार्ग पर पिछली बैठक में निर्देश दिए जाने के बावजूद काम नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। सड़क किनारे पेड़ों की शाखाओं की जल्द छंटाई कराने को कहा गया, ताकि बारिश और तेज हवा के दौरान सड़क पर अवरोध न बने।
जलजमाव वाले हिस्सों का होगा सर्वे
सड़क पर पानी जमा होने की समस्या को लेकर सभी प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। बसिया पुल और कोयल नदी पुल के पास जलजमाव से बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत और जरूरी सुरक्षा कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया। आंजन धाम रोड पर हालिया दुर्घटनाओं को देखते हुए गति नियंत्रण और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
रात में वाहनों पर रिफ्लेक्टर जरूरी
गुमला-कासीर रोड और खटवा नदी के पास भारतमाला सड़क निर्माण में लगे वाहनों की रात में दृश्यता कम पाए जाने पर एनएचएआई को सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए। निर्माण क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने को भी कहा गया।
अस्पतालों में 24x7 एम्बुलेंस और दवाओं का स्टॉक
मानसून के दौरान दुर्घटनाओं में त्वरित इलाज के लिए सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल और सीएचसी में जरूरी जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा 24 घंटे एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। गुड सेमेरिटन योजना के तहत नेक नागरिकों का अलग रजिस्टर रखने को भी कहा गया।
वाहन जांच, ड्रिंक एंड ड्राइव पर कार्रवाई
सड़क सुरक्षा के तहत ब्लॉक और पंचायत स्तर पर लर्निंग लाइसेंस व ड्राइविंग लाइसेंस शिविर जारी रखने, हिट एंड रन पीड़ितों को समय पर मुआवजा दिलाने और सघन वाहन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया गया। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई, नए ब्लैक स्पॉट की पहचान और वहां सुधार कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए।
सूखे पेड़ और कमजोर होर्डिंग हटाने को कहा
नगर परिषद क्षेत्र में सड़क किनारे सूखे पेड़ों और कमजोर होर्डिंग्स को चिन्हित कर हटाने का निर्देश दिया गया। बारिश में सड़क पर बैठने वाले आवारा मवेशियों को भी हटाने को कहा गया, ताकि वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा कम हो।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्देशों का त्वरित अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले में आम नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन का माहौल बनाया जा सके।




