जमशेदपुर, 20 अगस्त 2026। जमशेदपुर पुलिस ने चोरी और छिनतई की लगातार हो रही घटनाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी और छिनतई का सामान, 33 मोबाइल फोन, दो चोरी की स्कूटी और आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई एसएसपी एहतेशाम वकारीब के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने की। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम अस्पताल के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

एमजीएम अस्पताल के पास बना रहे थे वारदात की योजना

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी एमजीएम अस्पताल के आसपास जमा होकर चोरी और छिनतई की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में एसआईटी ने अस्पताल परिसर के आसपास कार्रवाई शुरू की। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने पांच संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान तुषार कालिंदी उर्फ तुषार भाई, सन्नी कालिंदी उर्फ नंदू, लक्ष्मण बागती, आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा के रूप में हुई है। सभी आरोपी बागुनहातु क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य मोबाइल फोन, पर्स, मोटरसाइकिल, स्कूटी और चेन समेत अन्य सामान चोरी और छिनतई करते थे।

आरोपियों की निशानदेही पर कई मामलों का खुलासा

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एमजीएम थाना क्षेत्र के छह मामलों का खुलासा किया है। बरामद सामान में महिला से छीना गया सोने के लॉकेट वाला मोती का हार, एमजीएम अस्पताल से चोरी किए गए मोबाइल फोन और पॉकेटमारी से चोरी की गई नकदी शामिल है। इसके अलावा अस्पताल की पार्किंग से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की गई है। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मानगो बस स्टैंड से चोरी की गई यामाहा फासिनो स्कूटी भी पुलिस ने बरामद की है।

33 मोबाइल फोन और आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 33 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें आईफोन, वीवो, ओप्पो, रियलमी और सैमसंग समेत कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने सोने का लॉकेट, चांदी की माला, चांदी की चेन और कान के टॉप समेत कई आभूषण भी जब्त किए हैं। वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के साथ दो चोरी की स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की है।

कुछ आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से आकाश दत्ता उर्फ चेपा और सावन देवगम उर्फ बच्चा का नाम पूर्व में चोरी, एनडीपीएस और अन्य आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

असली मालिकों की पहचान में जुटी पुलिस

बरामद किए गए मोबाइल फोन और अन्य सामान के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है। पुलिस इन सामानों को संबंधित लोगों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाएगी। एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को जमशेदपुर में सक्रिय चोरी और छिनतई गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।