देवघर, 17 सितंबर 2026 : देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 16 सितंबर 2026 को की गई कार्रवाई में इन आरोपियों को साइबर ठगी के आरोप में पकड़ा गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपी Flipkart/Amazon Pay के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank अधिकारी, Google Pay कस्टमर केयर और PM-Kisan Yojana के नाम पर लोगों से संपर्क कर ठगी करते थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक तकनीकी जांच में आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में :

  • अनिश दास, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता विनोद दास, निवासी बियाही गढ़ा, थाना मधुपुर।
  • सुमेश महरा, उम्र करीब 38 वर्ष, पिता फुचा महरा, निवासी खरना, थाना सारठ।
  • राहुल दास, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता बुलबुल दास, निवासी रोहिणी आजान टोला, थाना जसीडीह।
  • दिनेश दास, उम्र करीब 22 वर्ष, पिता कार्तिक दास, निवासी गुनियासोल, थाना मधुपुर।

सभी आरोपी देवघर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।

ऐसे करते थे साइबर ठगी

पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। उनकी कथित अपराध शैली में:

  1. Fake Google Pay, PhonePe और Paytm Customer Care अधिकारी बनकर Cashback का झांसा देकर ठगी करना।
  2. PM-Kisan Yojana, बिजली बिल और RTO Challan के नाम पर APK File भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करना और ठगी करना।
  3. Fake Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर ग्राहकों को झांसे में लेना। Airtel Thanks App के माध्यम से Payment Bank Card बंद करने की बात कहकर और दोबारा चालू कराने के नाम पर ग्राहकों से ठगी करना।

6 मोबाइल फोन और 4 सिम बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार तकनीकी जांच के दौरान बरामद मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें भी दर्ज पाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुमेश महरा पहले से देवघर साइबर थाना कांड संख्या 102/24 में आरोपी रहा है।

छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी शामिल

कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार मंडल, मधुपुर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार और मधुपुर थाना की टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तकनीकी जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।