देवघर, 11 सितंबर 2026 : देवघर में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के पास पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को अवैध कार्बाइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन व एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। दरअसल, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोरियासा मैदान के आसपास अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।

एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन व एक कीपैड मोबाइल बरामद

तलाशी के दौरान उसके पास से एक कार्बाइन मशीन गन, दो मैगजीन और एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सुरज कुमार सिंह, निवासी रोहिणी, परमेश्वर चौक, जसीडीह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुरज कुमार सिंह का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह जेल जा चुका है। मामले में कुंडा थाना कांड संख्या 112/2026 दर्ज कर Arms Act की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है-आखिर यह कार्बाइन कहां से लाई गई थी ? क्या आरोपी अकेले इस अवैध हथियार के नेटवर्क को चला रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा हथियार तस्करी गिरोह सक्रिय है ? फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। जांच के बाद ही साफ होगा कि बरामद हथियार की सप्लाई किसे की जानी थी और इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।