बोकारो, 19 अगस्त। चास थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से सोने जैसे धातु के कंगन, मोबाइल फोन समेत चोरी और वारदात में इस्तेमाल होने वाली कई चीजें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में घरों की खिड़कियां तोड़कर चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया गया था।
22 जुलाई से 15 अगस्त के बीच हुई चोरी
पुलिस के मुताबिक, चास थाना क्षेत्र में 22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त की रात चोरी की घटनाएं हुई थीं। आरोप है कि चोरों ने घरों की खिड़कियां तोड़कर जेवर, नकदी और मोबाइल फोन चोरी किए। इन घटनाओं को लेकर चास थाने में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।
तकनीकी और मानवीय सूचना से मिली सफलता
घटनाओं के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
छह आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा, राहुल कुमार बाउरी, रवि कुमार पांडेय, प्रिंस कुमार उर्फ कृष, अमन राज उर्फ मनीष कुमार और कृष्णा कुमार पॉल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में गौतम बाउरी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
सात कंगन और सात मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से सोने जैसे धातु के सात कंगन, करीब 3.50 ग्राम गला हुआ सोने जैसा धातु, सात मोबाइल फोन, लोहे का चापड़ और छोटा तौलने वाला मशीन बरामद किया है। इसके अलावा पांच रुपये के 12 नोट भी बरामद किए गए हैं।
आगे की जांच जारी
पुलिस अब बरामद सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपितों ने क्षेत्र में और कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य संभावित मामलों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




