नई दिल्ली, 7 सितंबर 2026 : चुनाव आयोग ने छह विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 9 अक्टूबर 2026 को मतगणना कराई जाएगी। इस कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
किन सीटों पर होगा उपचुनाव ?
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, तमिलनाडु की मदुरांतकम (एससी) और धारापुरम (एससी) विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा। इसके अलावा पुडुचेरी की थट्टनचावडी, पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीट भी उपचुनाव वाली सीटों में शामिल हैं। वहीं, असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी उपचुनाव कराया जाएगा।
इस्तीफे के बाद खाली हुई सीटें
इन सीटों के रिक्त होने की वजह अलग-अलग रही है। मदुरांतकम सीट मारागाथम कुमारवेल, धारापुरम सीट पी. सत्यबामा, थट्टनचावडी सीट एन. रंगासामी, रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर, नंदीग्राम सीट सुवेंदु अधिकारी और नगांव लोकसभा सीट श्री प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
9 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
उपचुनाव के लिए 9 सितंबर 2026 को राजपत्र अधिसूचना जारी होगी। इसके बाद उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 19 सितंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को मतदान और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
चुनाव प्रक्रिया———- तारीख
राजपत्र अधिसूचना : 9 सितंबर 2026
नामांकन की अंतिम तारीख : 16 सितंबर 2026
नामांकन पत्रों की जांच : 17 सितंबर 2026
नामांकन वापसी की अंतिम तारीख : 19 सितंबर 2026
मतदान : 6 अक्टूबर 2026
मतगणना : 9 अक्टूबर 2026
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की तारीख : 11 अक्टूबर 2026




