चेन्नई, 24 अगस्त 2026 : तमिलनाडु सरकार ने महिलाओं के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा योजना का विस्तार करने के साथ ही पात्र परिवारों को तीन मुफ्त LPG सिलेंडर देने की घोषणा की है। नई व्यवस्था के तहत महिलाएं अब महानगरीय और शहरी क्षेत्रों में चलने वाली एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स सरकारी बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। खास बात यह है कि योजना का लाभ लेने के लिए आय या यात्राओं की संख्या की कोई सीमा नहीं रखी गई है।
2 अक्टूबर से शुरू होगी Free Bus Travel योजना
मुख्यमंत्री विजय के मुताबिक, महिलाओं के लिए विस्तारित मुफ्त बस यात्रा योजना दो अक्टूबर, गांधी जयंती से शुरू की जाएगी। राज्य सरकार के अनुसार इस योजना के विस्तार से राज्य पर हर साल करीब ₹6,000 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय बोझ आएगा। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की यात्रा लागत कम करना और सार्वजनिक परिवहन को उनके लिए ज्यादा सुलभ बनाना है।
तीन मुफ्त LPG सिलेंडर का भी ऐलान
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा के साथ तीन मुफ्त कुकिंग गैस सिलेंडर देने की भी घोषणा की है। सरकार के मुताबिक पहले चरण में पात्र लाभार्थियों को तीन LPG सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। सिलेंडर की कीमत की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा करने की व्यवस्था की जाएगी। इस योजना की तैयारी शुरू हो चुकी है और इसे 2027 के पोंगल के दौरान शुरू किए जाने की बात कही गई है। इसके लिए सरकार हर साल करीब ₹4,000 करोड़ का प्रावधान करेगी।
किन परिवारों को मिलेगा फायदा ?
बताई गई जानकारी के मुताबिक, इस योजना का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र परिवारों को मिलेगा। इसमें करीब ₹2.5 लाख सालाना आय वाले परिवार, आर्थिक रूप से पिछड़े परिवार, छोटे और मध्यम किसान परिवार, दिव्यांग व गरीब परिवार शामिल बताए गए हैं। हालांकि अंतिम पात्रता और लाभार्थियों की विस्तृत शर्तें सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर स्पष्ट होंगी।
चुनावी वादे से जुड़ी योजनाएं
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा चुनाव से पहले ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ योजना के तहत हर पात्र परिवार को सालाना छह मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया था। अब सरकार ने पहले चरण में तीन मुफ्त सिलेंडर देने की घोषणा की है। इसके अलावा महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा को डीलक्स और एक्सप्रेस सेवाओं तक विस्तार देने का फैसला किया गया है।
परंदूर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट पर भी बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में परंदूर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को रद्द करने की भी घोषणा की। इस परियोजना का स्थानीय किसानों की ओर से विरोध किया जा रहा था, क्योंकि इसके लिए जमीन अधिग्रहण का मुद्दा सामने आया था। इस तरह तमिलनाडु सरकार के ताजा ऐलानों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा और LPG राहत के साथ एयरपोर्ट परियोजना पर भी बड़ा फैसला शामिल है।




