नई दिल्ली, 13 अगस्त 2026 : संसद के मानसून सत्र के समापन के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने सदन की कार्यवाही बाधित होने को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह लगातार अपनी मांग और मुद्दे बदलते रहे। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि “राहुल गांधी की उद्दंडता से देश नहीं चलेगा।” उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को लेकर विपक्ष की मांग पर भी सवाल उठाया और पूछा कि क्या गृह मंत्री के आदेश पर गोली चलती है ?
राहुल गांधी पर रविशंकर प्रसाद का तीखा हमला
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि विपक्ष लगातार सरकार से अपनी बात सुनने की मांग करता रहा, लेकिन जब गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में अपनी बात रखने की बात कही तो भी सदन की कार्यवाही चलने नहीं दी गई। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार अपनी ‘गोल पोस्ट’ बदलते रहे। उन्होंने कहा कि पहले एक मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा गया और जवाब देने की पेशकश के बाद दूसरी मांग सामने रख दी गई। इस तरह वह लगातार अपने बयान बदलते रहते हैं।
‘अमित शाह 24 घंटे चर्चा के लिए तैयार थे’
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष से बातचीत और सदन में अपना पक्ष रखने की तैयारी दिखाई थी। इसके बावजूद विपक्ष की ओर से लगातार हंगामा जारी रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सरकार चर्चा के लिए तैयार थी तो सदन को बाधित करने का क्या औचित्य था। बीजेपी नेता ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए विपक्ष की रणनीति पर सवाल खड़े किए।
‘राहुल गांधी अपनी गोल पोस्ट बदलते रहे’
रविशंकर प्रसाद ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर राजनीतिक अपरिपक्वता और गैर-जिम्मेदारी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता को मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए, लेकिन राहुल गांधी लगातार अपनी मांगों में बदलाव करते रहे। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि संसद लोकतांत्रिक बहस का मंच है और इसे हंगामे की वजह से बाधित करना देश के हित में नहीं है।
‘गृह मंत्री के आदेश से गोली चलती है क्या ?’
पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या किसी गृह मंत्री के आदेश पर गोली चलती है ? उन्होंने दावा किया कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि ऐसी कोई गोली नहीं चली। भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष को सरकार के जवाब को सुनना चाहिए था और उसके बाद अपनी बात रखनी चाहिए थी।
मानसून सत्र में विपक्ष के प्रदर्शन पर भी निशाना
रविशंकर प्रसाद ने संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन और सदन में हंगामे को लेकर भी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जरूरत थी, लेकिन लगातार नारेबाजी और विरोध के कारण सदन की कार्यवाही प्रभावित हुई। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सदन को चलने नहीं देते और फिर यह शिकायत करते हैं कि उनकी बात नहीं सुनी जाती। यह कैसे संभव है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब जानती है।
संसद के मानसून सत्र में 12 विधेयक हुए पारित
संसद के मानसून सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा हुई और कुल 12 विधेयकों को पारित या वापस किया गया। इनमें राष्ट्र गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026, सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 और केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 जैसे विधेयक शामिल रहे। सत्र के दौरान विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसी को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी देखने को मिला।




