चंडीगढ़ | 11 जुलाई 2026
हरियाणा और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दोनों राज्यों के बीच अंतरराज्यीय बस सेवाओं के संचालन को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय समझौते (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर हरियाणा सरकार की ओर से परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरु और बिहार सरकार की ओर से राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने हस्ताक्षर किए।
इन शहरों के बीच चलेगी नियमित बस सेवा
समझौते के तहत हरियाणा के गुरुग्राम, अंबाला, सोनीपत, पानीपत सहित अन्य निर्धारित शहरों से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के पटना, पूर्णिया, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों के लिए आधुनिक वातानुकूलित (एसी) बसों का नियमित संचालन किया जाएगा। बसें तय समय-सारिणी के अनुसार चलेंगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।
कम किराया, बेहतर सुविधा और अधिक सुरक्षा
अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरु ने कहा कि इस समझौते का उद्देश्य यात्रियों को कम किराये पर गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। इससे निजी वाहनों और महंगे परिवहन साधनों पर निर्भरता भी कम होगी। आधुनिक एसी बसों में आरामदायक सीटें, जीपीएस ट्रैकिंग, आपातकालीन सुरक्षा सुविधाएं और प्रशिक्षित चालक-परिचालक उपलब्ध होंगे।
रोजगार, शिक्षा और व्यापार करने वालों को होगा बड़ा लाभ
यह नई बस सेवा विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जो रोजगार, शिक्षा, व्यापार या पारिवारिक कारणों से हरियाणा और बिहार के बीच नियमित यात्रा करते हैं। दोनों राज्यों के परिवहन विभाग बसों के संचालन, सुरक्षा और समयबद्धता की संयुक्त निगरानी करेंगे, ताकि यात्रियों को बेहतर और भरोसेमंद परिवहन सुविधा मिल सके।




