चेन्नई, 19 अगस्त 2026 : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राज्य के लोगों और दूध उत्पादकों के लिए दो बड़े फैसलों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का एलान किया। इसके साथ ही सरकारी डेयरी कंपनी आविन के लिए दूध खरीद मूल्य 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में नियम 110 के तहत इन घोषणाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी व्यक्ति के लिए महज सुविधा नहीं, बल्कि उसका मूल अधिकार हैं। सरकार का उद्देश्य लोगों की आय और उनके रहने के क्षेत्र की परवाह किए बिना बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

हेल्थ इंश्योरेंस कवर पांच गुना बढ़ा

तमिलनाडु सरकार ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मिलने वाली सालाना बीमा राशि में बड़ा इजाफा किया है। अब पात्र लाभार्थियों को 5 लाख रुपये के बजाय 25 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिलेगा। सीएम विजय के मुताबिक सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और राज्य के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई पहल कर रही है।

दूध खरीद मूल्य ₹38 से बढ़कर ₹41 प्रति लीटर

मुख्यमंत्री ने दूध उत्पादकों के लिए भी राहत का एलान किया। सरकारी डेयरी कंपनी आविन अब किसानों से दूध 41 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदेगी। पहले यह कीमत 38 रुपये प्रति लीटर थी।इसमें सरकार की ओर से 3 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि भी शामिल होगी। सरकार के इस फैसले से राज्य के 3.16 लाख से अधिक दूध उत्पादकों को लाभ मिलने की उम्मीद है। दूध खरीद मूल्य बढ़ाने से राज्य सरकार पर हर महीने करीब 30 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद दूध उत्पादकों की आय और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

पिछली DMK सरकार पर भी साधा निशाना

दूध खरीद मूल्य बढ़ाने के फैसले को लेकर मुख्यमंत्री विजय ने पिछली DMK सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने दूध उत्पादकों के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए।

विधायकों को सरकारी गाड़ी और मासिक भत्ते का एलान

मुख्यमंत्री विजय ने विधायकों के लिए भी नई सुविधाओं की घोषणा की। विधायकों को सरकारी वाहन और मासिक भत्ता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। सरकार के मुताबिक, इन सुविधाओं से विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्रों में ज्यादा आसानी से जाकर जनता की शिकायतें सुन सकेंगे और सरकारी योजनाओं तथा परियोजनाओं की निगरानी कर सकेंगे।

महिला सरकारी कर्मचारियों को तीसरे बच्चे पर 365 दिन की छुट्टी

तमिलनाडु सरकार ने महिला कर्मचारियों के लिए भी बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य सरकार में कार्यरत महिलाओं को तीसरे बच्चे के जन्म पर 365 दिन की मैटरनिटी लीव देने की घोषणा की गई है। इससे तीसरे बच्चे के लिए मिलने वाली छुट्टी पहले दो बच्चों के लिए उपलब्ध मातृत्व अवकाश के बराबर हो जाएगी।

क्या-क्या हुआ बड़ा एलान ?

  • स्वास्थ्य बीमा कवर ₹5 लाख से बढ़कर ₹25 लाख
  • आविन दूध खरीद मूल्य ₹38 से बढ़कर ₹41 प्रति लीटर
  • 3.16 लाख से ज्यादा दूध उत्पादकों को फायदा
  • दूध खरीद मूल्य बढ़ाने पर हर महीने करीब ₹30 करोड़ अतिरिक्त खर्च
  • विधायकों के लिए सरकारी वाहन और मासिक भत्ता
  • महिला सरकारी कर्मचारियों को तीसरे बच्चे पर 365 दिन की मैटरनिटी लीव